SRH vs LSG: जिस टीम के नाम आईपीएल में 4 सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड है, वो एक-एक रन के लिए तरस जाए तो हैरानी ही होगी लेकिन रविवार को आईपीएल 2026 के पहले मैच में ऐसा ही कुछ हुआ। आईपीएल में सबसे बड़े टीम टोटल का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले सनराइजर्स हैदराबाद अपने घर में संघर्ष करते नजर आई। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम का बुरा हाल हो गया।
पहले ही ओवर में मोहम्मद शमी ने टी20 के नंबर-1 बैटर अभिषेक शर्मा का अपनी चालाकी से शिकार किया। अभिषेक खाता तक नहीं खोल पाए। शमी की ये गेंद ऑफ स्टम्प के बाहर की तरफ थी, अभिषेक ने इसे ड्राइव करने की कोशिश की थी लेकिन शमी ने गेंद पर उंगलियां फेर दीं थीं, इसी वजह से बॉल बल्ले पर नहीं आई और बाहरी किनारा लेकर शॉर्ट थर्ड पर खड़े फील्डर के पास पहुंचीं और वहां तैनात सिद्धार्थ ने कोई गलती नहीं की। इस तरह पहले ही ओवर में हैदराबाद को झटका लग गया।
शमी यहीं नहीं रुके और अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर ट्रेविस हेड का भी ऐसा ही हाल किया। शमी ने फिर गेंद की रफ्तार बदली और हेड को शॉट मारने के लिए मजबूर किया। गेंद में रफ्तार नहीं होने से हेड गच्चा खा गए और मिडऑफ पर आसान कैच थमा बैठे और 8 गेंद में 7 रन बनाकर चलते बने। इन दो विकेटों से हैदराबाद की टीम उबर नहीं पाई और फिर रनों की रफ्तार पर ऐसा ब्रेक लगा कि टीम पहले 10 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 35 रन ही जोड़ पाई। ये आईपीएल इतिहास में 10 ओवर के बाद चौथा सबसे कम स्कोर है।
IPL में सबसे कम टोटल (10 ओवर का)
31/3 - KKR बनाम DCR, 2009
32/5 - RR बनाम RCB, 2009
32/4 - MI बनाम KXIP, 2015
35/4 - SRH बनाम LSG, 2026
इससे पहले, 2015 में यानी 11 साल पहले मुंबई इंडियंस ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 2014 में 4 विकेट के नुकसान पर 32 रन बनाए थे। आईपीएल में पहले 10 ओवर के बाद सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड केकेआर के खिलाफ है। 2009 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 10 ओवर में 3 विकेट पर 31 रन बनाए थे।