shivam dube train journey: भारत को टी20 विश्व कप जिताने में अहम रोल निभाने वाले ऑलराउंडर शिवम दुबे फ्लाइट नहीं मिलने की वजह से अहमदाबाद से मुंबई ट्रेन से पहुंचे। पहचान उजागर ने हो, इसलिए उन्होंने खुद को कंबल में छुपा लिया था।

shivam dube train journey:टीम इंडिया के ऑलराउंडर शिवम दुबे ने T20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद घर लौटने के लिए बेहद अनोखा रास्ता चुना। आमतौर पर भारतीय खिलाड़ी चार्टर्ड फ्लाइट या स्पेशल बुकिंग से यात्रा करते हैं, लेकिन इस बार दुबे को ट्रेन से सफर करना पड़ा। वजह थी कि अहमदाबाद से मुंबई की सभी फ्लाइट्स का फुल होना।

टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद दुबे अहमदाबाद से मुंबई लौटना चाहते थे, लेकिन जब उन्हें कोई फ्लाइट नहीं मिली तो उन्होंने ट्रेन से जाने का फैसला किया। उन्होंने अपने परिवार के साथ थर्ड एसी का टिकट बुक कराया और सुबह की ट्रेन पकड़कर मुंबई के लिए रवाना हो गए। दुबे ने बताया कि सड़क से जाना भी एक विकल्प था, लेकिन ट्रेन उन्हें ज्यादा तेज और सुविधाजनक लगी।

शिवम दुबे ट्रेन से मुंबई पहुंचे
दुबे के साथ उनकी पत्नी अंजुम और एक दोस्त भी थे। हालांकि यह फैसला आसान नहीं था। उनके परिवार और दोस्तों को सबसे बड़ी चिंता यही थी कि अगर स्टेशन या ट्रेन में किसी ने उन्हें पहचान लिया तो क्या होगा। दुबे के मुताबिक, 'हर कोई यही पूछ रहा था कि अगर लोगों ने पहचान लिया तो क्या होगा?'

पहचान से बचने के लिए दुबे ने पूरा प्लान बनाया। उन्होंने कैप, मास्क और फुल स्लीव टी-शर्ट पहन ली ताकि कोई उन्हें पहचान न सके। उन्होंने सुबह 5:10 बजे की ट्रेन चुनी, ताकि उस समय प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम हो।

टीसी को शक न हो इसलिए कंबल से खुद को छुपाया
दुबे ने अपनी पत्नी से कहा कि वह ट्रेन आने से ठीक पांच मिनट पहले तक कार में ही बैठेंगे और फिर सीधे ट्रेन में चढ़ जाएंगे। उनकी सुरक्षा के लिए एक पुलिस अधिकारी भी साथ था, ताकि अगर किसी को शक हो जाए या भीड़ जुट जाए तो स्थिति संभाली जा सके।

ट्रेन में चढ़ने के बाद दुबे ने ऊपर वाली बर्थ (टॉप बर्थ) चुन ली, ताकि ज्यादा लोगों की नजर उन पर न पड़े। पूरी यात्रा काफी हद तक शांत रही। रात में जब वह वॉशरूम जाने के लिए अपनी सीट से नीचे उतरे, तब भी किसी ने उन्हें नहीं पहचाना।

लेकिन सफर के दौरान एक छोटा सा दिलचस्प वाकया जरूर हुआ। जब टिकट चेकर टिकट चेक करने आया तो नाम देखकर उसने पूछा, 'शिवम दुबे? वो कौन है, क्रिकेटर?' स्थिति थोड़ी असहज हो सकती थी, लेकिन तभी दुबे की पत्नी अंजुम ने तुरंत बात संभाल ली। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'नहीं-नहीं, वो यहां कहां से आएगा।' इसके बाद टीसी अगले यात्री की ओर बढ़ गया और मामला वहीं खत्म हो गया।

दुबे को सबसे ज्यादा चिंता बोरीवली स्टेशन पर उतरने को लेकर थी, क्योंकि उस समय दिन निकल चुका था और वहां भीड़ भी ज्यादा हो सकती थी। हालांकि स्टेशन पर पुलिस की मौजूदगी में उनका बाहर निकलना आसानी से हो गया। इस तरह टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद एक स्टार क्रिकेटर की यह सीक्रेट ट्रेन यात्रा भी अपने आप में काफी दिलचस्प कहानी बन गई।