Romario Shepherd Hat-Trick: वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने टी20 विश्व कप 2026 में कमाल कर दिया। शेफर्ड ने स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। वो वेस्टइंडीज की तरफ से टी20 विश्व कप में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज हैं। उन्होंने स्कॉटलैंड की पारी के 17वें ओवर में विकेटकीपर मैथ्यू क्रॉस, माइकल लीस्क और ओलिवर डेविडसन को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। 

शेफर्ड का यह कमाल ओवर की आखिरी गेंद तक जारी रहा, जब उन्होंने 17वें ओवर में सफ्यान शरीफ को दो गेंदों पर बिना खाता खोले आउट करके चार विकेट लिए। इस तरह शेफर्ड ब्रेट ली, कर्टिस कैम्फर, वानिंदु हसरंगा, कगिसो रबाडा, कार्तिक मयप्पन, जोश लिटिल, पैट कमिंस और क्रिस जॉर्डन की खास लिस्ट में शामिल हो गए। जॉर्डन T20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले आखिरी खिलाड़ी थे, जब उन्होंने 2024 में अमेरिका के खिलाफ अली खान, नोस्तुश केंजीगे और सौरभ नेत्रवलकर को आउट किया था।

इस बीच, कैंपर ने 2021 में चार गेंदों पर चार विकेट लिए, जिसमें कॉलिन एकरमैन, रयान टेन डोएशेट, स्कॉट एडवर्ड्स और रोलोफ वैन डेर मर्व को आउट किया था। बता दें कि ये शेफर्ड की इंटरनेशनल टी20 में दूसरी हैट्रिक है। इससे पहले, उन्होंने पिछले साल 31 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ ये कारनामा किया था। मैच में शेफर्ड ने 3 ओवर में 20 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने पहली बार टी20 इंटरनेशनल में पंजा खोला। 

शेफर्ड के इस प्रदर्शन की मदद से वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में 35 रन से हराया। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्कॉटिश टीम 18.5 ओवर में 147 रन पर आउट हो गई।