Pakistan vs Netherlands: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ा। कोलंबो के सिन्हलीज़ स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर 148 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान एक समय 114/7 के स्कोर पर संकट में था लेकिन ऑलराउंडर फहीम अशरफ की तूफानी पारी ने टीम को 3 विकेट से जीत दिला दी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत मजबूत रही थी। साहिबजादा फरहान ने 31 गेंदों पर 47 रन बनाए जबकि सैम अयूब ने 13 गेंदों में 24 रन जोड़े। टीम 90/2 तक अच्छी स्थिति में थी लेकिन इसके बाद अचानक बल्लेबाजी ढह गई। 98/2 से टीम सिर्फ 10 गेंदों में 100/5 पर पहुंच गई। बाबर आजम 18 गेंदों में 15 रन बनाकर संघर्ष करते दिखे थे जबकि कप्तान सलमान आगा ने 12 रन जोड़े।
फहीम अशरफ ने दिलाई पाकिस्तान को जीत
नीदरलैंड्स के तेज गेंदबाज पॉल वान मीकेरेन ने 12वें ओवर में फरहान और उस्मान खान को आउट कर मैच का रुख बदल दिया। 16.1 ओवर में पाकिस्तान का स्कोर 114/7 था और जीत दूर नजर आ रही थी। तभी नंबर 8 पर उतरे फहीम अशरफ ने मैच का पूरा रुख पलट दिया। शुरुआत में उन्हें 7 रन पर जीवनदान मिला, जिसका पूरा फायदा उठाते हुए उन्होंने 11 गेंदों में 29 रन ठोक दिए। उनकी पारी में तीन छक्के और एक चौका शामिल रहा। आखिरी ओवर में उन्होंने विजयी चौका लगाकर पाकिस्तान को तीन गेंद रहते जीत दिला दी। 19वें ओवर में मैक्स ओ' डाउड द्वारा छोड़ा गया कैच भी नीदरलैंड्स पर भारी पड़ा।
नीदरलैंड्स को एक कैच छोड़ना पड़ा भारी
इससे पहले नीदरलैंड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 147 रन बनाए। स्कॉट एडवर्ड्स ने 29 गेंदों में 37 और बास डी लीडे ने 25 गेंदों में 30 रन बनाकर 40 रन की साझेदारी की। टीम 105/3 तक मजबूत दिख रही थी लेकिन पाकिस्तान के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए उन्हें 129/7 तक समेट दिया। सलमान मिर्जा ने 3/24 की शानदार गेंदबाजी की, जबकि मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और सैम अयूब ने भी अहम विकेट लिए।
आखिरकार फहीम अशरफ की विस्फोटक पारी ने पाकिस्तान को हार के मुहाने से निकालकर जीत दिलाई और टूर्नामेंट का विजयी आगाज कराया।







