IND vs USA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ओपनिंग मैच से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अमेरिका के खिलाफ 7 फरवरी को होने वाले मैच में शायद ही खेलें। बुमराह हल्का बुखार महसूस कर रहे थे और मैच से एक दिन पहले उन्होंने ट्रेनिंग से दूरी बना ली थी, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

बुमराह ने शुक्रवार (6 फरवरी) को नेट्स में गेंदबाजी नहीं की। टीम मैनेजमेंट इसे एहतियाती कदम बता रहा। भारत का वर्ल्ड कप अभियान लंबा है और शुरुआती मैच को अपेक्षाकृत एकतरफा माना जा रहा है, इसलिए टीम अपने सबसे अहम तेज गेंदबाज के साथ कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।

बुमराह अमेरिका के खिलाफ नहीं खेलेंगे
अगर 32 साल के बुमराह समय पर फिट नहीं हो पाए, तो शुक्रवार शाम टीम से जुड़े मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता। हालांकि नई गेंद हार्दिक पांड्या के साथ साझा होने की संभावना है, ऐसे में सिराज पहले बदलाव के गेंदबाज की भूमिका निभा सकते।

भारत का व्यस्त शेड्यूल

भारत का ग्रुप शेड्यूल काफी व्यस्त है। 12 फरवरी को नामीबिया, 15 फरवरी को पाकिस्तान और 18 फरवरी को हॉलैंड के खिलाफ मुकाबले होने हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच फिलहाल अनिश्चितता में है, जिससे अमेरिका के खिलाफ पहला मुकाबला रणनीतिक तौर पर उतना अहम नहीं माना जा रहा।

टीम मैनेजमेंट का साफ मानना है कि बुमराह को टूर्नामेंट के अहम और निर्णायक मुकाबलों के लिए पूरी तरह फिट रखना ज्यादा जरूरी है। आगे कठिन विरोधी और लगातार मैचों का दबाव देखते हुए, अपेक्षाकृत अनुभवहीन अमेरिका के खिलाफ उन्हें आराम देना सबसे समझदारी भरा फैसला माना जा रहा।

फिलहाल अंतिम फैसला मैच से ठीक पहले लिया जाएगा। लेकिन संकेत यही हैं कि टीम इंडिया जल्दबाजी में अपने स्टार पेसर को मैदान पर उतारने की बजाय लंबी रणनीति के साथ आगे बढ़ना चाहती है, ताकि टूर्नामेंट के अहम पड़ाव पर बुमराह पूरी ताकत के साथ टीम की अगुआई कर सकें।