IND vs SA: भारत ने साउथ अफ्रीका को तीसरे मुकाबले में हराकर रचा इतिहास, टी20 में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया

india versus south africa match
X
india versus south africa match
IND vs SA 3rd T20I : भारत ने साउथ अफ्रीका को सेंचुरियन में खेले गए तीसरे टी20 में हराकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है।

IND vs SA: भारत ने सेंचुरियन में खेले गए तीसरे टी20 में मेजबान साउथ अफ्रीका को एक रोमांचक मुकाबले में 11 रन से हराया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 4 टी20 की सीरीज में 2-1 की बढ़त ले ली। इस जीत के साथ ही भारत ने टी20 में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। ये भारत का 2024 में 8वां 200 प्लस टोटल था। ये एक कैलेंडर ईयर में किसी भी टीम द्वारा सबसे अधिक 200 प्लस स्कोर है।

भारत ने इससे पहले 2023 में सात बार टी20 मुकाबले में 200 प्लस स्कोर किया था और 2024 में टीम इंडिया इससे आगे निकल गई। भारत के अलावा जापान (2024) और बर्मिंघम बियर्स (2022) ने एक कैलेंडर ईयर में 7 बार ये कारनामा किया है।

इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी की थी और 20 ओवर में 6 विकेट पर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। तिलक वर्मा ने शतक जमाया। उन्होंने 56 गेंद में नाबाद 107 रन बनाए। तिलक ने अपनी इस पारी में 7 छक्के और 8 चौके मारे। उन्हें अभिषेक शर्मा का भी अच्छा साथ मिला। अभिषेक ने 25 गेंद में 50 रन ठोके। उन्होंने भी 5 छक्के और तीन चौके उड़ाए।

तिलक वर्मा 2024 में भारत की तरफ से टी20 में शतक जमाने वाले पांचवें बैटर हैं। इस उपलब्धि ने टी20 में एक कैलेंडर ईयर में किसी टीम द्वारा बनाए गए सबसे अधिक शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी की। यह रिकॉर्ड पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2016) और भारत (2023) के नाम था। वर्मा के अलावा, संजू सैमसन (दो शतकों के साथ), अभिषेक शर्मा और रोहित शर्मा ने भी 2024 में टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए शतक बनाए हैं।

मैच की अगर बात करें तो 220 रन का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की तरफ से हेनरिक क्लासेन और मार्को यानसेन ने काफी संघर्ष किया। क्लासेन ने 22 गेंद में 41 रन की पारी खेली। वहीं, यानसेन ने 17 गेंद में 54 रन उड़ाए। उन्होंने 5 छक्के और इतने ही चौके ठोके। ये भारत के खिलाफ टी20 में सबसे तेज फिफ्टी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story