Logo
IND vs USA Playing 11: भारत टी20 विश्व कप 2026 के अपने ओपनिंग मैच में शनिवार को मुंबई में अमेरिका से दो-दो हाथ करेगा। इस मुकाबले से पहले कई खिलाड़ियों की चोट ने भारत की परेशानी बढ़ाई है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम किस प्लेइंग-11 के साथ उतरती।

IND vs USA Playing 11: सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम इंडिया शनिवार को टी20 विश्व कप के खिताब बचाव के अपने अभियान का आगाज करेगी। पहले मुकाबले में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका से टक्कर होगी। पिछले टी20 विश्व कप में भारत ने अमेरिका को हराया था और इस बार भी भारत खिताब जीतने का प्रबल दावेदार है। हालांकि, इस मैच से पहले हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह के फिटनेस की वजह से भारतीय टीम की चुनौती बढ़ी है। ऐसे में ये देखना होगा कि भारत किस प्लेइंग-11 के साथ उतरेगा। 

अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी में बदलाव नजर आ सकता। तिलक वर्मा सर्जरी से उबर चुके हैं और वो तीन नंबर पर बैटिंग करेंगे। उनसे पहले, न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 की सीरीज में ईशान किशन ने इस नंबर पर बल्लेबाजी की थी। लेकिन, तिलक के आने के बाद नंबर-3 का पेच सुलझ गया है। अब सवाल है कि अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग कौन करेगा? संजू सैमसन या ईशान किशन में से किसे मौका मिलेगा। 

ईशान ओपनिंग करेंगे
वॉर्म अप मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ईशान किशन ने ही ओपनिंग की थी। इससे तो यही लग रहा है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट टी20 विश्व कप में ईशान से ओपनिंग करने का मन बना चुका है। अगर ऐसा होता है तो फिर संजू सैमसन की जगह प्लेइंग-11 में तो नहीं बनती दिख रही। क्योंकि ईशान विकेटकीपिंग भी कर लेते हैं। ऐसे में ईशान ही पारी की शुरुआत कर सकते हैं और कप्तान सूर्यकुमार यादव नंबर-4 पर बल्लेबाजी करेंगे। 

सूर्यकुमार ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से फॉर्म में वापसी की है और उम्मीद है कि वो इस फॉर्म को टी20 विश्व कप में भी बरकरार रख पाएंगे। 

सिराज को क्या मौका मिलेगा?
गेंदबाजी में बदलाव की गुंजाइश ज्यादा नजर आ रही। जसप्रीत बुमराह अमेरिका के खिलाफ मैच में शायद ही खेलें, उन्होंने बुखार की शिकायत की है। ऐसे में अगर बुमराह नहीं खेलते हैं तो फिर ये सवाल है कि अर्शदीप सिंह के साथ नई गेंद कौन संभालेगा? एक विकल्प मोहम्मद सिराज हैं, जिन्हें चोटिल हर्षित राणा के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वहीं, हार्दिक पंड्या भी ये भूमिका निभा सकते हैं। वो पहले भी नई गेंद से गेंदबाजी कर चुके हैं। अब देखना होगा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट किसे मौका देता है। 

स्पिन गेंदबाजी की अगर बात करें तो वरुण चक्रवर्ती का खेलना पक्का है। वहीं, दूसरे स्पिन गेंदबाज का रोल उपकप्तान अक्षर पटेल निभाएंगे। ऐसे में कुलदीप यादव को बाहर ही बैठना पड़ेगा। 

IND vs USA T20 World Cup Predicted XIs
भारत की संभावित प्लेइंग 11:
1 अभिषेक शर्मा, 2 ईशान किशन (विकेट कीपर), 3 तिलक वर्मा, 4 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 5 हार्दिक पांड्या, 6 रिंकू सिंह, 7 शिवम दुबे, 8 अक्षर पटेल, 9 अर्शदीप सिंह, 10 जसप्रीत बुमराह/मोहम्मद सिराज, 11 वरुण चक्रवर्ती।

अमेरिका की संभावित प्लेइंग-11: 1 सैतेजा मुक्कमल्ला, 2 एंड्रीज गौस (विकेट कीपर), 3 शायन जहांगीर, 4 मोनंक पटेल (कप्तान), 5 मिलिंद कुमार, 6 हरमीत सिंह, 7 शुभम रंजने, 8 मोहम्मद मोहसिन, 9 शैडली वैन शल्कविक, 10 सौरभ नेत्रवलकर, 11 अली खान। 

5379487