Logo
T20 World Cup 2026: फिन एलन ने 33 गेंदों में रिकॉर्ड शतक लगाकर न्यूजीलैंड को दक्षिण अफ्रीका पर 9 विकेट की शानदार जीत दिलाई और टीम को फाइनल में पहुंचाया।

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में एलन ने सिर्फ 33 गेंदों में शतक जड़कर टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे तेज शतक लगा दिया। फिन एलन को उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने 170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहद आक्रामक शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट और फिन एलन ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों पर शुरू से ही दबाव बना दिया।

दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 9.1 ओवर में 117 रन की शानदार साझेदारी की। इस स्कोर पर टिम साइफर्ट 33 गेंदों पर 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए।

साइफर्ट के आउट होने के बाद भी फिन एलन का तूफान जारी रहा। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 33 गेंदों में शतक लगाकर नया रिकॉर्ड बना दिया। यह टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे तेज शतक है।

एलन ने 33 गेंदों पर 10 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। मैच का विजयी चौका भी उन्हीं के बल्ले से निकला। उनके साथ रचिन रवींद्र 11 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद लौटे।

न्यूजीलैंड ने सिर्फ 12.5 ओवर में 1 विकेट पर 173 रन बनाकर मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया और शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश कर लिया।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन बनाए थे। टीम की ओर से मार्को जानसेन ने 30 गेंदों पर 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 55 रन की पारी खेली। उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स (29 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 73 रन की अहम साझेदारी की।

न्यूजीलैंड की गेंदबाजी में मैट हेनरी, रचिन रवींद्र और कोले मैककोंची ने 2-2 विकेट लिए, जबकि लॉकी फर्ग्यूसन और जेम्स नीशम को 1-1 सफलता मिली।

5379487