आईपीएल 2026 में लगातार तीन हार झेल चुकी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए राहत भरी खबर सामने आई। टीम के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस अब फिट हो गए और शनिवार 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में खेलते नजर आ सकते। यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रेविस पूरी तरह फिट हैं और टीम के चौथे मैच में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। ब्रेविस को आईपीएल 2025 में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर सीएसके ने जोड़ा था, लेकिन इस सीजन की शुरुआत में ही उन्हें झटका लग गया था। 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले मैच से पहले गुवाहाटी में अभ्यास के दौरान वह चोटिल हो गए थे, जिसके कारण वह शुरुआती तीन मैच नहीं खेल पाए।
चेन्नई तीनों मैच हारी है
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह सीजन अब तक निराशाजनक रहा। टीम ने शुरुआती तीनों मुकाबले गंवाए हैं और मिडिल ऑर्डर का प्रदर्शन कमजोर रहा। ऐसे में ब्रेविस की वापसी टीम के लिए बड़ी मजबूती साबित हो सकती। उम्मीद है कि वह नंबर 4 पर बल्लेबाजी करेंगे और टीम को स्थिरता देने की कोशिश करेंगे।
धोनी भी अगले मैच में खेल सकते
वहीं दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी की वापसी को लेकर भी अच्छी खबर है। जानकारी के अनुसार, धोनी ने हाल ही में फिटनेस टेस्ट दिया और जल्द ही एक और टेस्ट से गुजरेंगे। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो वह 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में मैदान पर उतर सकते।
धोनी की गैरमौजूदगी में सीएसके ने विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर संजू सैमसन को मौका दिया लेकिन वो इस मौके का अबतक फायदा नहीं उठा पाए हैं। सैमसन ने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सिर्फ 6 रन बनाए जबकि पंजाब किंग्स के खिलाफ 7 रन ही बना सके। इसके अलावा, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बड़े लक्ष्य (251 रन) का पीछा करते हुए भी सैमसन सिर्फ 9 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इस खराब प्रदर्शन के कारण टीम को मजबूत फिनिशर और अनुभवी खिलाड़ी की कमी साफ नजर आई।
अब ब्रेविस की वापसी और धोनी की संभावित एंट्री से CSK की टीम संतुलन में नजर आ सकती है। फैंस को उम्मीद है कि इन बदलावों के बाद टीम जीत की पटरी पर लौटेगी।