CSK vs RCB: आरसीबी और सीएसके के बीच हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद। सीएसके के गेंदबाजों पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव। चिन्नास्वामी की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है।

CSK vs RCB: आईपीएल 2026 में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाला मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला। एक तरफ जहां आरसीबी शानदार फॉर्म में नजर आ रही है, वहीं सीएसके अपने शुरुआती दो मुकाबले हारने के बाद वापसी की तलाश में है।

इस मुकाबले से पहले दोनों टीमों की स्थिति बिल्कुल अलग है। आरसीबी ने अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 202 रन का लक्ष्य 16 ओवर में ही हासिल कर अपनी ताकत का संकेत दे दिया था। दूसरी ओर, सीएसके के गेंदबाज शुरुआती दोनों मैचों में संघर्ष करते दिखे हैं। उन्होंने 2 मैचों में सिर्फ 7 विकेट लिए हैं, जो टीम के लिए चिंता का विषय है।

सीएसके की आरसीबी से टक्कर
कभी यह मुकाबला एकतरफा हुआ करता था, जहां सीएसके का पलड़ा भारी रहता था। शुरुआती 29 मैचों में सीएसके ने 69 फीसदी मुकाबले जीते थे। लेकिन अब आरसीबी धीरे-धीरे इस अंतर को कम कर रही। पिछले 6 मुकाबलों में आरसीबी ने 4 जीत दर्ज की हैं और फिलहाल उनके पास सीएसके के खिलाफ 3 मैचों की जीत की लय है।

आरसीबी के पास टेबल टॉपर बनने का मौका
टीम संयोजन की बात करें तो आरसीबी ज्यादा संतुलित नजर आ रही है। विराट कोहली, फिल साल्ट और कप्तान रजत पाटीदार जैसे बल्लेबाज शानद फॉर्म में हैं। वहीं गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार अहम भूमिका निभा सकते हैं, खासकर तब जब जोश हेजलवुड की फिटनेस को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है।

सीएसके की गेंदबाजी कमजोर
दूसरी तरफ, सीएसके के लिए सबसे बड़ी चुनौती उनकी गेंदबाजी है। टीम मैनेजमेंट को अपने संयोजन में बदलाव करना पड़ सकता। जैमी ओवर्टन या अकील हुसैन को मौका मिल सकता है, ताकि गेंदबाजी को मजबूती मिले। बल्लेबाजी में संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ से बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

खास नजर भुवनेश्वर कुमार और संजू सैमसन के प्रदर्शन पर रहेगी। भुवनेश्वर ने पिछले मैच में पावरप्ले और डेथ ओवर दोनों में शानदार नियंत्रण दिखाया था। वहीं सैमसन इस सीजन में अभी तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं और इस मैच में उनसे वापसी की उम्मीद है।

कैसा होगा पिच का मिजाज?
पिच की बात करें तो एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। यहां रन रेट काफी ऊंचा रहता है और 200 से ज्यादा स्कोर आम बात है। पिछले कुछ मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है, जिससे टॉस भी अहम भूमिका निभा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, मैच के दौरान हल्के बादल रहेंगे और तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा। ऐसे में फैंस को एक और हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (संभावित-12): 1 विराट कोहली, 2 फिल साल्ट, 3 देवदत्त पडिक्कल, 4 रजत पाटीदार (कप्तान), 5 जितेश शर्मा (विकेट कीपर), 6 टिम डेविड, 7 रोमारियो शेफर्ड, 8 क्रुणाल पांड्या, 9 भुवनेश्वर कुमार, 10 अभिनंदन सिंह, 11 जैकब डफी, 12 सुयश शर्मा। 

चेन्नई सुपर किंग्स (संभावित-12): 1 संजू सैमसन (विकेट कीपर), 2 रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), 3 आयुष म्हात्रे, 4 सरफराज खान, 5 शिवम दुबे, 6 कार्तिक शर्मा, 7 प्रशांत वीर, 8 मैट हेनरी, 9 नूर अहमद/गुर्जपनीत सिंह, 10 अंशुल कंबोज/जेमी ओवरटन, 11 खलील अहमद, 12 राहुल चाहर/अकील हुसैन।