आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के अहम तेज गेंदबाज नाथन एलिस पूरे सीजन से बाहर हो गए। हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते वह इस बार मैदान पर नजर नहीं आएंगे, जिससे CSK की गेंदबाजी पर सीधा असर पड़ने वाला।
पिछले सीजन यानी आईपीएल 2025 में आखिरी स्थान पर रहने वाली चेन्नई इस बार वापसी के इरादे से उतर रही थी। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टीम नए जोश के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है, लेकिन सीजन शुरू होने से पहले ही यह झटका टीम के प्लान पर भारी पड़ सकता है।
CSK के सीईओ काशी विश्वनाथन ने खुद इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, 'यह हमारे लिए बड़ा नुकसान है। एलिस डेथ ओवर्स में बेहद अहम गेंदबाज थे। हम उनके रिप्लेसमेंट की तलाश कर रहे हैं।' साफ है कि टीम को अब नई रणनीति के साथ उतरना होगा।
एलिस को इस सीजन के लिए खास तौर पर डेथ ओवर स्पेशलिस्ट के रूप में देखा जा रहा था। खासकर तब, जब मथिशा पथिराना टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में एलिस की गैरमौजूदगी से CSK की पेस अटैक काफी कमजोर नजर आ रही है।
फिलहाल टीम के पास भारतीय तेज गेंदबाजों में खलील अहमद, मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह और अंशुल कंबोज जैसे विकल्प हैं। वहीं विदेशी खिलाड़ियों में मैट हेनरी और जैमी ओवर्टन जैसे अनुभवी गेंदबाज मौजूद हैं। लेकिन इसके बावजूद एलिस की कमी साफ महसूस होगी।
अब CSK की नजर रिप्लेसमेंट पर है। टीम शॉन एबॉट, फजलहक फारुकी, गेराल्ड कोएट्जी, और जोश टंग जैसे तेज गेंदबाजों पर दांव लगा सकती है। इनमें से किसी एक को टीम में शामिल कर गेंदबाजी को संतुलन देने की कोशिश की जाएगी।
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स अपना पहला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 मार्च को गुवाहाटी के ACA Stadium में खेलेगी। ऐसे में टीम के पास ज्यादा समय नहीं है और जल्द ही रिप्लेसमेंट का फैसला लेना होगा।
अब देखने वाली बात यह होगी कि CSK इस मुश्किल से कैसे निकलती है। क्योंकि आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में डेथ ओवर बॉलिंग ही कई बार जीत-हार तय करती है। एलिस की गैरमौजूदगी में टीम को कोई ऐसा खिलाड़ी चाहिए, जो उस भूमिका को अच्छे से निभा सके।










