Ahmed Shehzad crying: पाकिस्तान के क्रिकेटर अहमद शहजाद का दर्द उस वक्त सबके सामने आ गया, जब वह जियो न्यूज के कॉमेडी टॉक शो हंसना मना है में रो पड़े। पाकिस्तान सुपर लीग के पहले ऑक्शन में अनदेखी और लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे शहजाद ने अपने दिल की बात खुलकर कही। शो में उनके साथ पूर्व साथी मोहम्मद आमिर भी मौजूद थे।
34 साल के शहजाद ने कहा कि अपने साथ खेलने वाले खिलाड़ियों को आज भी मैदान पर देखकर खुशी तो होती है लेकिन खुद के बाहर रहने का दर्द भी कम नहीं। उन्होंने कहा, 'हां, मैं इमोशनल हो जाता हूं। जब मैं ईमानदारी से कहता हूं, तो बहुत दुख होता है। मैं खेलना चाहता हूं। जिस तरह से आपने कहा कि मेरे सभी बैच-मेट खेल रहे हैं, इससे मुझे उनके लिए खुशी होती है। मैं उस तरह का इंसान हूं- जब किसी के लिए कुछ अच्छा होता है, तो मुझे सच में खुशी होती है।'
Ahmed Shehzad in tears after not being included in the PSL auction:
— Sheri. (@CallMeSheri1_) February 12, 2026
"My 9 year old son wanted me to play." pic.twitter.com/MwU79gHKWk
उन्होंने बताया कि करीब 18 साल क्रिकेट को देने के बाद अचानक सब कुछ दूर होता देखना बेहद मुश्किल है। शहजाद ने कहा कि कई बार पुरानी यादें उन्हें रूला देती हैं और यह दर्द कई दिनों तक बना रहता है। सबसे ज्यादा भावुक पल तब आया, जब उन्होंने अपने 9 साल के बेटे का जिक्र किया। शहजाद बोले कि मेरा बेटा चाहता है कि मैं फिर खेलूं। वह मेरे साथ सोता है और पूछता है कि बाबा, क्या मैं आपको सही से याद रख पाऊंगा? यह कहते-कहते वह खुद को संभाल नहीं पाए और शो छोड़कर चले गए।
शहजाद ने पाकिस्तान सुपर लीग में 2016 से 2021 के बीच पांच सीजन खेले हैं। उन्होंने 45 मैचों में 120 के स्ट्राइक रेट से 1077 रन बनाए, जिसमें 9 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि 2023 में लीग से दूर होने के बाद उन्होंने हाल ही में पीसीबी पर भी सवाल उठाए। पीएसल- 10 ड्राफ्ट में उन्हें लोकल कैटेगरी में रखने पर उन्होंने इसे पब्लिसिटी स्टंट बताया और कहा कि जिन खिलाड़ियों को बोर्ड पिछले चार-पांच साल से सपोर्ट कर रहा है, उनकी बात क्यों नहीं होती।










