aus vs sa wtc final: एडेन मार्करम शतक ठोकने के बाद रोए, जश्न मनाना ही भूले, डिविलियर्स ने कैमरे में कैद किया लम्हा

aus vs sa wtc final: साउथ अफ्रीका अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जीतने से महज 69 रन दूर है। लॉर्ड्स में खेले जा रहे फाइनल में दो दिन का पूरा खेल बाकी है और साउथ अफ्रीका के 8 विकेट बाकी हैं। यहां से बहुत बड़ा उलटफेर ही साउथ अफ्रीका को इस खिताब को जीतने से महरुम रख सकता है। साउथ अफ्रीका को पहले आईसीसी खिताब के करीब पहुंचाने में मार्करम का सबसे बड़ा रोल है। वो तीसरे दिन के खेल के बाद 102 रन पर नाबाद लौटे हैं। दूसरी तरफ कप्तान टेम्बा बावुमा भी 65 रन पर नाबाद हैं। ऐसे में चौथे दिन साउथ अफ्रीका की नजर इतिहास रचने पर होगी।
wtc final के तीसरे दिन के 51वें ओवर की आखिरी गेंद पर, जब जोश हेज़लवुड ने फुल लेंथ बॉल फेंकी, तो मार्करम ने बिना किसी हिचक के स्ट्रेट ड्राइव लगाया। गेंद सीधी बॉलर के सिर के ऊपर से बाउंड्री पार कर गई।एक ऐसा शॉट जिसने ऑस्ट्रेलिया की बची-खुची उम्मीदों को भी खत्म कर दिया।
शतक की ओर धीरे-धीरे बढ़े मार्करम
मार्करम को शतक के लिए बस तीन रन चाहिए थे, लेकिन उन्होंने जल्दबाज़ी नहीं की। अगली आठ गेंदों में सिर्फ एक रन आया। फिर तीसरे दिन का लगभग अंत था, जब थके हुए हेज़लवुड ने लेग स्टंप की ओर भटकी हुई गेंद फेंकी। मार्करम ने मौके को नहीं गंवाया और खूबसूरत फ्लिक शॉट खेलकर गेंद को स्क्वायर लेग की ओर चौके के लिए भेजा। जैसे ही गेंद बाउंड्री पार कर गई, पूरा लॉर्ड्स मैदान तालियों से गूंज उठा। ये शोर वैसा था, जैसा फुटबॉल मैच में इंजरी टाइम का विनर गोल होने पर होता है।
Markram’s masterclass! 🎯#AidenMarkram slams a stunning century as South Africa roar back into the #WTCFinal
— Star Sports (@StarSportsIndia) June 13, 2025
Will this be the knock that leads them to glory?
WATCH DAY 4 👉🏻 #WTCFinal | #SAvAUS | SAT, JUN 14, 2.30 PM onwards on Star Sports 1, Star Sports 1 Hindi & JioHotstar pic.twitter.com/FPRmbmvkrU
मार्करम ने धीरे से हेलमेट उतारा, ऊपर देखा और आंखों की कोर से बहते आंसू पोंछे। ये उनका आठवां टेस्ट शतक था, और खास बात यह थी कि पहली पारी में वो शून्य पर आउट हुए थे। उनके चेहरे पर खुशी से ज्यादा जिम्मेदारी झलक रही थी। क्योंकि काम अभी अधूरा था। दक्षिण अफ्रीका को अभी भी जीत के लिए 69 रन चाहिए। इसी जिम्मेदारी के चक्कर में मार्करम इस शतक का जश्न मनाना भूल गए। दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट इतिहास में ये शतक सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया।
Lord's rises for Aiden Markram 🇿🇦👏
— England's Barmy Army 🏴🎺 (@TheBarmyArmy) June 13, 2025
pic.twitter.com/qTtFzU4xZt
डिविलियर्स ने रिकॉर्ड किया ऐतिहासिक लम्हा
एबी डिविलियर्स मार्करम के इस शतक का गवाह बने और उन्होंने अपने मोबाइल फोन में मार्करम की इस सेंचुरी से जुड़े लम्हे को कैद कर लिया। शायद उन्हें भी पता था कि यह सिर्फ एक बल्लेबाज़ की पारी नहीं, बल्कि पूरे दक्षिण अफ्रीका का सपना था, जो साकार हो रहा था।