Kamada Ekadashi 2026: जानें एकादशी व्रत के नियम, क्या करें और क्या न करें। तुलसी, भोजन, व्रत और पूजा से जुड़े जरूरी नियम पढ़ें।

Kamada Ekadashi 2026: हिंदू धर्म में एकादशी व्रत को अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। सालभर में आने वाली सभी एकादशियों का अपना अलग महत्व होता है, लेकिन चैत्र मास में पड़ने वाली कामदा एकादशी विशेष रूप से फलदायी मानी जाती है। इस बार 29 मार्च 2026, रविवार को यह पावन व्रत रखा जाएगा। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन विधिपूर्वक भगवान विष्णु की पूजा करने से अनजाने में हुए पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है।

हालांकि, इस व्रत का पूर्ण फल पाने के लिए कुछ नियमों का पालन करना जरूरी होता है। मान्यताओं के अनुसार, यदि इन नियमों की अनदेखी की जाए तो व्रत का प्रभाव कम हो सकता है और जीवन में बाधाएं भी आ सकती हैं।

तुलसी से जुड़ी इन बातों का रखें ध्यान
हिंदू धर्म में तुलसी को अत्यंत पवित्र माना गया है और भगवान विष्णु को यह विशेष प्रिय है। लेकिन कामदा एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते तोड़ना या पौधे को छूना वर्जित माना जाता है। इतना ही नहीं, इस दिन तुलसी में जल अर्पित करना भी नहीं करना चाहिए। पूजा के लिए आवश्यक तुलसी दल एक दिन पहले ही तोड़कर सुरक्षित रख लेना उचित माना जाता है।

तामसिक भोजन से बनाए दूरी
एकादशी के दिन खान-पान में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। इस दिन मांस, मछली, शराब जैसे तामसिक पदार्थों का सेवन पूरी तरह निषिद्ध माना गया है। इसके साथ ही लहसुन और प्याज से भी परहेज करना चाहिए। व्रत के दौरान केवल सात्विक भोजन ग्रहण करना ही उचित रहता है, जिससे मन और शरीर दोनों शुद्ध बने रहते हैं।

चावल खाने से करें परहेज
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, एकादशी के दिन चावल का सेवन नहीं करना चाहिए। मान्यता है कि इस दिन चावल खाने से व्रत का पुण्य कम हो जाता है। इसलिए इस दिन चावल और उससे बने सभी व्यंजनों से दूरी बनाए रखना बेहतर माना जाता है।

बाल और नाखून काटने से बचें
कामदा एकादशी के दिन शरीर से जुड़ी कुछ क्रियाएं भी वर्जित मानी गई हैं। इनमें बाल और नाखून काटना शामिल है। ऐसा करना अशुभ माना जाता है और इससे सकारात्मक ऊर्जा में कमी आ सकती है।

वाद-विवाद और क्रोध से रहें दूर
एकादशी का दिन आत्मशुद्धि और संयम का प्रतीक माना जाता है। इसलिए इस दिन किसी भी प्रकार के झगड़े, विवाद या क्रोध से दूर रहना चाहिए। मान्यता है कि जिस घर में शांति और सौहार्द बना रहता है, वहां माता लक्ष्मी का वास होता है। इसके विपरीत, कलह और तनाव से नकारात्मकता बढ़ती है और शुभ फल प्राप्त नहीं हो पाते।

कामदा एकादशी का व्रत केवल उपवास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मसंयम, शुद्ध आचरण और सकारात्मक सोच का भी प्रतीक है। इस दिन नियमों का पालन करके और भगवान विष्णु की सच्चे मन से पूजा करके व्यक्ति अपने जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त कर सकता है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सिर्फ धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है। हरिभूमि.कॉम इसकी पुष्टि नहीं करता है।