सुनीता केजरीवाल का वीडियो: पढ़ा पति का संदेश, बैकग्राउंड में दिखी तस्वीर पर विवाद शुरू, BJP और AAP आपस में भिड़े

Sunita Kejriwal Video Message Controversy: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने गुरुवार को एक वीडियो संदेश जारी किया। इस वीडियो के बैकग्राउंड में अरविंद केजरीवाल की तस्वीर होने से हंगामा मच गया।

Updated On 2024-04-04 20:39:00 IST
Sunita Kejriwal Video

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने गुरुवार को एक वीडियो संदेश जारी किया। इस वीडियो के बैकग्राउंड में अरविंद केजरीवाल की तस्वीर होने से हंगामा मच गया। वीडियो में अरविंद केजरीवाल की तस्वीर को भगत सिंह और बीआर अंबेडकर जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के साथ दिखाया गया था। बीजेपी ने इस वीडियो पर सवाल उठाया है। 

बीजेपी दिल्ली के अध्यक्ष ने आपत्ति जताई
बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस वीडियो को लेकर आपत्ति जताई। सचदेवा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इससे जुड़ा पोस्ट किया। सचदेवा ने लिखा कि बाबा साहब भीम राव अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीर के बीच भ्रष्ट अरविंद केजरीवाल की तस्वीर लगाना बहुत अफसोसजनक है। जेल से बाहर थे तो पति (अरविंद केजरीवाल) कैमरे के सामने आकर झूठ बोला करते थे, अब वे जेल चले गए हैं तो उनकी पत्नी झूठ बोल रही है। जनता आप लोगों के बहकावे में नहीं आने वाली।

AAP नेता आतिशी ने किया बचाव
इसके जवाब में आप नेता आतिशी ने वीडियो का बचाव करते हुए बताया कि अरविंद केजरीवाल बीजेपी की सत्ता के खिलाफ चल रहे संघर्ष का प्रतीक हैं। मौजूदा समय में बीजेपी के खिलाफ चल रहा संघर्ष आजादी की लड़ाई से कम नहीं है। किसी समय देश की जनता अंग्रेजों के खिलाफ आवाज बुलंद किया करते थे, आज बीजेपी के खिलाफ अरविंद केजरीवाल भी वही कर रहे हैं। उन्हें केंद्र सरकार ने झूठे आरोप में गिरफ्तार किया है। 

सुनीता केजरीवाल ने दिया संदेश
वीडियो में  सुनीता केजरीवाल ने अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ़ा। इस संदेश में केजरीवाल ने कहा था कि "मैं जेल में हूं। इस वजह से मेरे किसी दिल्ली वासी को किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। पार्टी का हर विधायक दिल्ली का दौरा करें और लोगों से उनकी समस्या के बारे में जानकारी लें। यदि दिल्ली की जनता को कोई भी दिक्कत है तो उसे तुरंत दूर करें। मैं केवल सरकारी विभाग की समस्याओं के समाधान करने की बात नहीं कर रहा। हमें लोगों की बाकि समस्याओं को भी हल करने की भी कोशिश करनी है। दिल्ली की जनता मेरा परिवार है। मेरे परिवार का कोई भी सदस्य दुखी नहीं होना चाहिए।"  

Similar News