Logo
election banner
Sakshee Malikkh Quit Wrestling: कुश्ती महासंघ के चुनाव में बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स की चैंपियन पहलवान अनिता श्योरण को हराया।

Sakshee Malikkh Quit Wrestling: भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह के भारतीय कुश्ती महासंघ का अध्यक्ष बनने के बाद ओलंपिक पदक विजेता और शीर्ष पहलवान साक्षी मलिक ने कुश्ती छोड़ने का ऐलान किया है। साक्षी मलिक ने अपने साथी पहलवान बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट के साथ दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान साक्षी मलिक भावुक हो उठीं। डबडबाई आंखों से उन्होंने अपने जूते उठाकर टेबल पर रख दिए और रोते हुए उठकर वहां से चली गईं।

साक्षी मलिक बोलीं- अगर अध्यक्ष महिला होगी तो उत्पीड़न नहीं होगा
इससे पहले पहलवान साक्षी मलिक ने कहा कि हमने महिला अध्यक्ष की मांग की है। अगर अध्यक्ष महिला होगी तो उत्पीड़न नहीं होगा। लेकिन, पहले महिलाओं की भागीदारी नहीं थी और आज आप सूची देख सकते हैं। एक भी महिला को अध्यक्ष पद नहीं दिया गया। हम पूरी ताकत से लड़े थे। लेकिन यह लड़ाई जारी रहेगी। नई पीढ़ी के पहलवानों को लड़ना होगा।

विनेश बोलीं- अब न्याय की उम्मीदें कम
पहलवान विनेश फोगाट ने कहा कि अब हमें न्याय की उम्मीदें बहुत कम हैं। लेकिन फिर भी हम नाउम्मीद नहीं होंगे। लेकिन दुखद है कि कुश्ती का भविष्य खतरे में है। हम अपना दुख किसे बताएं? हम अभी भी लड़ रहे हैं। 

बजरंग ने कहा- कोर्ट से भी बरी हो जाएगा बृजभूषण
बजरंग पूनिया ने कहा कि पूरा देश जानना चाहता है कि खिलाड़ी इतने दिन चुप क्यों थे? हमने पिछले साल जनवरी में दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया। उसके बाद एक कमेटी बनाई गई। हम पहले सच्चाई के लिए लड़ रहे थे। अब बहन-बेटियों की लड़ाई लड़ रहे हैं। हमारे अंदर जितना दम था, हम लड़े। लेकिन सरकार से जो उम्मीद थी, वो पूरी नहीं हुई। 

अपने राइट हैंड को बनाया अध्यक्ष
बजरंग ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह कुश्ती महासंघ में अपने राइट हैंड को अध्यक्ष बना दिया। सब जानते हैं कि बृजभूषण उसे अपने बेटे से भी ज्यादा मानता है। हमारी लड़ाई आने वाली पीढ़ियों को भी लड़नी पड़ेगी। आज पूरे देश ने बृजभूषण के तंत्र और पावर को देख लिया है। धीरे-धीरे वह कोर्ट से भी बरी हो जाएगा।  

5379487