Logo
election banner
Rajya Sabha Election Updates: 15 राज्यों में राज्यसभा की 56 सीटों के लिए 41 नेता पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के 7 विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। इसके बाद हल्ला-हंगामा हुआ। पर्ची के आधार पर विजेता की घोषणा का ऐलान हुआ। कांग्रेस के कैंडिडेट अभिषेक मनु सिंघवी हार गए।

Rajya Sabha Election Updates: देश के तीन राज्यों की 15 राज्यसभा सीटों के लिए मंगलवार को चुनाव हुआ। इनमें उत्तर प्रदेश की 10, कर्नाटक की 4 और हिमाचल प्रदेश की एक सीट शामिल है। उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में क्रॉस वोटिंग होने की खबरें सामने आई है। उत्तर प्रदेश में जहां समाजवादी पार्टी के सात विधायकों ने बीजेपी के पक्ष में वोट किया। वहीं, हिमाचल प्रदेश में नौ विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की बात कही जा रही है। हिमाचल में जिन 9 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है, उनमें से 6 कांग्रेस के और तीन निर्दलीय हैं।  

15 राज्यों में राज्यसभा की 56 सीटों के लिए 41 नेता पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इनमें पूर्व कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा, अशोक चव्हाण और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और एल मुरुगन जैसे दिग्गज शामिल हैं।

Live Updates...

  • उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव में बीजेपी ने आठ सीटों पर जीत हासिल कर ली। वहीं सपा को दो सीटों पर जीत मिली। 
  • हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी दोनों को 34-34 वोट मिले हैं। जीत के लिए 35 वोट हासिल करना जरूरी था। कांग्रेस के 40 विधायक हैं।
  • कर्नाटक की चार राज्यसभा सीटों के लिए नतीजों का ऐलान कर दिया गया है। क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस ने तीन सीटें और बीजेपी ने एक सीट पर जीत हासिल की है। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन, मौजूदा राज्यसभा सदस्य जीसी चंद्रशेखर और सैयद नसीन हुसैन को जीत मिली है। इसके साथ ही बीजेपी के नारायण बंदगे को भी जीत हासिल हुई है। हालांकि एनडीए कैंडिडेट और JDS नेता कुपेंद्र रेड्डी को हार का सामना करना पड़ा है। 
  • हिमाचल प्रदेश में भी क्रॉस वोटिंग की खबर है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के 4 विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। इससे कांग्रेस कैंडिडेड अभिषेक मनु सिंघवी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। 
  • अखिलेश यादव ने कहा कि हर किसी में सरकार के खिलाफ खड़े होने की हिम्मत नहीं होती है। क्या कोई है जो नहीं जानता कि बीजेपी किसी भी हद तक जा सकती है। जिन लोगों ने क्रॉस वोटिंग की है, उनमें सरकार के खिलाफ खड़े होने की हिम्मत नहीं रही होगी। ऐसे लोगों पर कार्रवाई होगी, क्योंकि हमारी पार्टी के नेता चाहते हैं ऐसे लोगों को पार्टी से दूर रखा जाए। 

  • सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने भाजपा के लिए क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने वोट डालने के बाद 'जय श्री राम' का नारा लगाया।
  • समाजवादी पार्टी के विधायक और नेता मनोज कुमार पांडे ने मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया है।
  • सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपना वोट डाला। उन्होंने सपा के सभी उम्मीदवारों की जीत का भरोसा जताया है। 
  • उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्यसभा चुनाव में अपने मतों का इस्तेमाल किया। 

  • यूपी के उपमुख्यमंत्री केपी मौर्य ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश विकास कर रहा है, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी विकास कर रहा है। इससे प्रेरित होकर विधायक चाहते हैं बीजेपी उम्मीदवारों को जीतना है। समाजवादी पार्टी ने तीसरा उम्मीदवार उतारकर गलती की है। 
  • सपा नेता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष होना चाहिए, तभी लोकतंत्र मजबूत होगा। जो लोग सत्ता का दुरुपयोग करते हैं, वे लोकतंत्र के समर्थक नहीं हो सकते। 
  • यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि विधायकों का समर्थन और आशीर्वाद बीजेपी के उम्मीदवारों के साथ है। नतीजे बीजेपी के पक्ष में होंगे। बीजेपी के सभी उम्मीदवार जीतेंगे। 
  • हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए हमारे उम्मीदवार हर्ष महाजन हैं। मैं चाहता हूं कि सभी विधायक वोट करें और हमें उम्मीद है कि हमारा उम्मीदवार जीतेगा। 
  • कर्नाटक राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए उम्मीदवार कुपेंद्र रेड्डी ने कहा कि संभवत: क्रॉस वोटिंग होगी। अगर हमने किसी को धमकी दी या वोट मांगा तो कांग्रेस को चुनाव आयोग से शिकायत करनी चाहिए थी। 
  • समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि हमें उम्मीद है कि हमारे सभी तीन उम्मीदवार जीतेंगे। भाजपा चुनाव जीतने के लिए सभी हथकंडे अपना सकती है। हमारे कुछ नेता जो निजी लाभ चाहते हैं, वे भाजपा में जा सकते हैं। 
  • उत्तर प्रदेश में बीजेपी विधायक अजय सिंह ने चुनाव से पहले दावा किया है कि हम सभी 8 सीटें जीतने जा रहे हैं। 
  • सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्य खत्म हो गए हैं। देखते हैं अगर ऐसा ही हुआ तो क्या होगा। 

पहले जानिए यूपी राज्यसभा चुनाव की अहम बातें
उत्तर प्रदेश में भाजपा ने 10 राज्यसभा सीटों के लिए आठ और विपक्षी समाजवादी पार्टी ने तीन उम्मीदवार उतारे हैं। जिससे एक सीट पर कड़ा मुकाबला है। फोकस इस बात पर होगा कि उम्मीदवार को प्रथम वरीयता के कितने वोट मिले। यहां जादुई आंकड़ा 37 है।

भाजपा को जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल से अतिरिक्त वोट मिलने की उम्मीद है। जयंत के एनडीए में शामिल होने की खबर है। बीजेपी के नेताओं ने यह भी दावा किया है कि अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के कम से कम 10 विधायक उनके संपर्क में हैं। भाजपा के इस दावे तब और बल मिलता है, जब सोमवार की रात अखिलेश यादव ने भोज का आयोजन किया, जिसमें 8 विधायक गायब रहे। हालांकि सपा ने क्रॉस वोटिंग से इंकार किया है।  

भाजपा के उम्मीदवार

  • पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह
  • पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह
  • प्रदेश के वरिष्ठ नेता अमरपाल मौर्य
  • पूर्व मंत्री संगीता बलवंत बिंद
  • पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी
  • पूर्व विधायक साधना सिंह
  • आगरा के पूर्व मेयर नवीन जैन
  • पूर्व सपा नेता और उद्योगपति संजय सेठ

सपा के उम्मीदवार

  • अभिनेत्री और सांसद जया बच्चन
  • सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आलोक रंजन
  • दलित नेता रामजी लाल सुमन

यूपी का वोटिंग समीकरण

राज्यसभा चुनाव में विधानसभा सदस्य हिस्सा लेते हैं। सभी विधायकों को रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए पेन से मतपत्र पर अपनी प्राथमिकताएं लिखनी होती हैं। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 37 विधायकों के वोट की जरूरत होगी। 

उत्तर प्रदेश विधानसभा में 403 सीटें हैं। तीन सीटें खाली हैं। तीन विधायक जेल में हैं। इससे सदन की ताकत घटकर 396 हो जाती है। यदि अन्य सभी विधायक मतदान करते हैं और प्रत्येक वोट का मूल्य 100 माना जाता है, तो वैध वोटों का कुल मूल्य 39,600 आता है। यानी प्रत्येक सीट के लिए आवश्यक जीत का कोटा 39,600 होगा। 

अब इसे ऐसे समझिए। यूपी में 10 राज्यसभा सीटों पर वोटिंग होनी है। इसमें 1 जोड़ दें तो यह संख्या 11 हो जाती है। अब 396 को 11 से भाग कर दें तो संख्या आती है 36। फिर इसमें 1 जोड़ दिया जाए तो यह संख्या 37 होगी। इस तरह एक सीट जीतने के लिए 37 विधायकों की जरूरत होगी। 

वोट के मूल्य के अनुसार, भाजपा को केवल 289 विधायकों के वोट की आवश्यकता होगी, जबकि सपा को 109 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी। यदि कोई सदस्य मतदान से अनुपस्थित रहता है तो यह संख्या और कम हो जाएगी।

कर्नाटक में क्या है समीकरण?
कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग को रोकने के लिए सोमवार को अपने विधायकों को एक होटल में शिफ्ट कर दिया है। राज्य पार्टी प्रमुख और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पार्टी विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग की किसी भी संभावना से इनकार किया है।

हिमाचल में कांग्रेस की जीत तय
हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी के खिलाफ हर्ष महाजन को मैदान में उतारा है। इससे वोटिंग की जरूरत पड़ी। कांग्रेस के पास 40 और भाजपा के 25 विधायक हैं। चुनाव को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देखा जाएगा।

हर दो साल में होते हैं चुनाव
वर्तमान में राज्यसभा की सदस्य संख्या 245 है। उच्च सदन के सांसदों का कार्यकाल छह वर्ष है। 33 प्रतिशत सीटों के लिए हर दो साल में चुनाव होते हैं।

jindal steel Ad
5379487