Macron India Visit 2026 भारत और फ्रांस के रिश्ते एक बार फिर वैश्विक सुर्खियों में हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के भारत दौरे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेहद आत्मीय और दोस्ताना अंदाज़ में उनका स्वागत किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मैक्रों की पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा- “भारत में आपका स्वागत है! भारत आपके आने और हमारे आपसी रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का इंतजार कर रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारी बातचीत से अलग-अलग सेक्टर में सहयोग और मजबूत होगा और दुनिया भर में तरक्की में मदद मिलेगी। मुंबई में और बाद में दिल्ली में मिलते हैं, मेरे प्यारे दोस्त इमैनुएल मैक्रों।”
मैक्रों ने भी अपने संदेश में भारत यात्रा को खास बताते हुए कहा कि वह तीन दिन के दौरे पर मुंबई से नई दिल्ली तक रहेंगे और इस दौरान दोनों देश अपनी स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और मजबूत बनाएंगे। उन्होंने लिखा- “भारत के रास्ते में! हमारी स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और आगे ले जाने के लिए मुंबई से नई दिल्ली तक तीन दिन। हम साथ मिलकर अपने सहयोग को और भी आगे बढ़ाएंगे।”
क्यों अहम है यह दौरा?
भारत और फ्रांस के बीच रक्षा, अंतरिक्ष, ऊर्जा, व्यापार और टेक्नोलॉजी जैसे कई अहम क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। खासकर रक्षा सौदों और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा दे रही है।
मैक्रों का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। दोनों नेताओं की मुलाकात से द्विपक्षीय सहयोग के नए आयाम खुलने की उम्मीद है।
दोस्ती से रणनीति तक
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच निजी मित्रता भी जगजाहिर है। कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दोनों नेताओं की केमिस्ट्री देखने को मिलती रही है। ऐसे में यह दौरा सिर्फ औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि भविष्य की साझेदारी को नई ऊंचाई देने का अवसर माना जा रहा है।
