डिब्रूगढ़ (असम)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम दौरे के दौरान उत्तर-पूर्व भारत की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) का उद्घाटन किया। चाबुआ एयरफील्ड से वायुसेना के C-130 विमान में सवार होकर पहुंचे पीएम का विमान डिब्रूगढ़ के मोरन बाईपास पर बनी हाईवे स्ट्रिप पर उतरा। यह लैंडिंग पूर्वोत्तर के सैन्य और आपदा प्रबंधन ढांचे के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है।
मोरन बाईपास पर विकसित यह एयरस्ट्रिप चीन सीमा से लगभग 300 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे इसकी रणनीतिक अहमियत और बढ़ जाती है। भारतीय वायुसेना के सहयोग से तैयार इस सुविधा का उद्देश्य आपात स्थिति में सैन्य और नागरिक दोनों प्रकार के विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ सुनिश्चित करना है। युद्ध जैसी परिस्थितियों या बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान यह स्ट्रिप राहत और बचाव अभियानों में तेजी लाएगी।
Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी में एक बड़ी रैली को संबोधित किया
हाईवे पर दिखी फाइटर जेट्स की ताकत
प्रधानमंत्री की मौजूदगी में हाईवे पर शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला। करीब 30 मिनट तक चले एरियल शो में राफेल, सुखोई Su-30MKI समेत कुल 16 लड़ाकू विमानों ने हाईवे स्ट्रिप से लैंडिंग और टेकऑफ कर अपनी ऑपरेशनल क्षमता का प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उत्तर-पूर्व में भारत की बढ़ती सैन्य तैयारी का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।
4.2 किमी मजबूत कंक्रीट स्ट्रिप
सरकारी जानकारी के मुताबिक-
- लंबाई: 4.2 किलोमीटर
- क्षमता: 40 टन तक के फाइटर एयरक्राफ्ट और 74 टन तक अधिकतम टेक-ऑफ वजन वाले ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट
- डिजाइन: बीच में कोई रोड डिवाइडर नहीं, ताकि ऑपरेशन सुगम रहें
- लागत: लगभग 100 करोड़ रुपये
सरकारी जानकारी के अनुसार, यह ELF मिलिट्री और सिविल दोनों विमानों के लिए इमरजेंसी रनवे के रूप में काम करेगी। इससे वायुसेना को क्षेत्र में बेहतर ऑपरेशनल फ्लेक्सिबिलिटी मिलेगी और आपदा के समय त्वरित सहायता पहुंचाना संभव होगा।
रणनीतिक और आपदा प्रबंधन में अहम
भारत-चीन सीमा के निकट स्थित होने से इसकी रणनीतिक महत्ता बढ़ जाती है। पूर्वोत्तर में सैन्य बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के साथ-साथ यह सुविधा बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्यों में भी मददगार होगी।
मोरन ELF का उद्घाटन रक्षा तैयारियों, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आपदा प्रबंधन- तीनों मोर्चों पर बड़ा कदम माना जा रहा है।
कुमार भास्कर वर्मा सेतु किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन किया। यह 2.86 किमी लंबा 6-लेन एक्स्ट्राडोज्ड पुल गुवाहाटी को उत्तर-गुवाहाटी से जोड़ता है। लगभग 3030 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह पूर्वोत्तर का पहला ऐसा पुल है, जो यात्रा समय को मात्र 7 मिनट तक घटा देगा। भूकंपीय संवेदनशील क्षेत्र के लिए बेस आइसोलेशन, फ्रिक्शन पेंडुलम बेयरिंग्स, हाई-परफॉर्मेंस स्टे केबल्स और ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम लगा है।
इसके बाद पीएम ने डिब्रूगढ़ के मोरान में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ELF) का शुभारंभ किया। 4.2 किमी लंबी यह पूर्वोत्तर की पहली सुविधा है। भारतीय वायुसेना ने राफेल, सुखोई और मिग विमानों से भव्य एयर शो में सफल लैंडिंग-टेकऑफ प्रदर्शित किया। करीब 1 लाख लोग उपस्थित रहे। यह रणनीतिक सुविधा सैन्य क्षमता मजबूत करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेगी।
