Namgya C Khampa: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की पहली बैठक में भारत ने ऑब्जर्वर देश के रूप में हिस्सा लिया। इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास की कार्यवाहक प्रमुख नामग्या सी खंपा ने किया।
कौन हैं नामग्या सी खंपा?
नामग्या सी खंपा वर्ष 2000 बैच की वरिष्ठ भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी हैं। वर्तमान में वह अमेरिका में भारत के राजनयिक मिशन की उप प्रमुख (Deputy Chief of Mission) के रूप में तैनात हैं और राजदूत की अनुपस्थिति में मिशन का नेतृत्व कर रही हैं। करीब दो दशकों से अधिक के अपने कूटनीतिक करियर में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं।
चीन और संयुक्त राष्ट्र में अनुभव
नामग्या खंपा ने चीन में भारतीय मिशन में दो बार अपनी सेवाएं दीं। पहली बार 2002 से 2006 तक और फिर 2013 से 2016 तक। इसके अलावा उन्होंने 2009 से 2013 के बीच न्यूयॉर्क स्थित United Nations में भारत के स्थायी मिशन में कार्य किया।
इसी दौरान उन्हें 2011 से 2013 तक संयुक्त राष्ट्र की प्रशासनिक एवं बजटीय मामलों की सलाहकार समिति (ACABQ) का सदस्य भी चुना गया था, जो उनकी विशेषज्ञता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता को दर्शाता है।
नेपाल और केन्या में अहम जिम्मेदारी
संयुक्त राष्ट्र में कार्यकाल के बाद उन्होंने नेपाल की राजधानी काठमांडू में मिशन की उप प्रमुख के रूप में भी काम किया। इसके अलावा नामग्या खंपा ने केन्या में भारत की उच्चायुक्त के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहां उनका मुख्य फोकस भारत-केन्या द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना, व्यापार और विकास सहयोग को बढ़ावा देना था। इस दौरान उन्हें सोमालिया गणराज्य में भारत की राजदूत के रूप में भी मान्यता प्राप्त थी।









