Logo
election banner
Manipur Lok Sabha Election: एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाएं भी सामने आईं। इनर मणिपुर लोकसभा सीट के तहत थोंगजू विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय लोगों और अज्ञात बदमाशों के बीच झड़प हुई।

Manipur Lok Sabha Election: देश के 21 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों के साथ मणिपुर में भी लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए वोट डाले जा रहे हैं। शुक्रवार, 19 अप्रैल को विष्णुपुर जिले में मोइरांग विधानसभा क्षेत्र के थमनपोकपी में एक मतदान केंद्र पर मतदाता इकट्ठा थे। तभी बदमाशों के एक समूह ने कई राउंड फायरिंग की। रिपोर्ट्स के अनुसार, तीन लोग घायल हुए हैं। हालांकि, इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं है। 

गोलीबारी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसमें मतदाताओं में फैली दहशत दिखाई दे रही है। वीडियो में गोलियों की आवाज के बीच लोग मतदान केंद्र से बाहर भागते नजर आ रहे हैं।

कुकी समुदाय ने किया चुनाव बहिष्कार
आंतरिक मणिपुर लोकसभा सीट और बाहरी मणिपुर के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। इंफाल घाटी में रहने वाले बहुसंख्यक मैतेई और कुकी समुदाय के बीच पिछले एक साल से मणिपुर में जातीय हिंसा चल रही है। कुकी समुदाय के लोगों ने चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है। उन्होंने नारा लगाया कि न्याय नहीं तो वोट भी नहीं। 

एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कुछ स्थानों पर अशांति की छिटपुट घटनाएं भी सामने आईं। इनर मणिपुर लोकसभा सीट के तहत थोंगजू विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय लोगों और अज्ञात बदमाशों के बीच झड़प हुई।

सीएम बीरेन सिंह ने डाला वोट
इस बीच, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने लुवांगसांगबाम ममांग लीकाई में अपना वोट डाला और लोगों से राज्य के मूल लोगों को बचाने और इसकी क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।

बीरेन सिंह ने कहा कि मैं मणिपुर के लोगों से अपील करना चाहता हूं कि वे वोट डालें और राज्य की मूल आबादी को बचाएं, साथ ही राज्य की अखंडता की रक्षा करें और जल्द से जल्द शांति लाएं।

5379487