मणिपुर में 7 दिनों में चौथी बार भड़की हिंसा: जिरिबाम में 5 की मौत, इंफाल में भी तनाव, स्कूल-कॉलेज बंद

Manipur fresh Violence: मणिपुर में हिंसा एक बार फिर भड़क उठी है। शनिवार (7 सितंबर) को जिरिबाम जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। जिरिबाम के पहाड़ी इलाके में दो समुदायों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरी ओर, इंफाल में मणिपुर राइफल्स मुख्यालय पर भीड़ ने हमला किया, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा बलों को फायरिंग करनी पड़ी।
इंफाल में मणिपुर राइफल्स मुख्यालय पर हमला
इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व जिलों में शुक्रवार रात को भीड़ ने मणिपुर राइफल्स मुख्यालय पर हमला कर दिया। भीड़ का इरादा सुरक्षा बलों से हथियार छीनने का था। पुलिस और CRPF ने मिलकर भीड़ को काबू में करने के लिए पेलेट गन से गोलियां चलाईं। इसके अलावा, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए मॉक बम और आंसू गैस के गोले भी दागे गए। इस झड़प में 5 लोग घायल हो गए, जिन्हें JNIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिंसा के बाद राज्य में स्कूल-कॉलेज बंद
राज्य में बढ़ती हिंसा को देखते हुए सभी स्कूल और कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। मणिपुर की अखंडता समिति (COCOMI) ने सरकार पर कानून-व्यवस्था लागू करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए काम रोकने और सार्वजनिक कर्फ्यू का आह्वान किया है। इसके बाद से इंफाल के सभी बाजार और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
7 दिनों में हिंसा की चौथी घटना, 6 की मौत
पिछले 7 दिनों में मणिपुर में 4 बड़ी हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं। 1 सितंबर से अब तक, 6 लोगों की मौत हो चुकी है और 17 लोग घायल हुए हैं। ताजा घटना से पहले, 3 और हिंसक घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें 3 लोग मारे गए और 12 लोग घायल हुए थे।
पहली बार ड्रोन हमलों ने बढ़ाई चिंता
1 सितंबर को मणिपुर में पहली बार हिंसा में ड्रोन हमला देखा गया। इम्फाल पश्चिम जिले के कोट्रुक गांव में उग्रवादियों ने पहाड़ की चोटी से [Drone attack] किया। इस हमले में 2 लोग मारे गए और 9 लोग घायल हो गए। इसके बाद 3 सितंबर को सेजम चिरंग गांव में एक और ड्रोन हमला हुआ, जिसमें 3 लोग घायल हुए। इन हमलों में छतों पर गिराए गए बमों से कई घरों को नुकसान हुआ।
पूर्व मुख्यमंत्री के घर पर हमला, 1 की मौत
6 सितंबर को मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री मायरंबम कोइरेंग के घर पर रॉकेट बम से हमला किया गया। यह हमला मोइरांग में हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। कोइरेंग मणिपुर के पहले मुख्यमंत्री थे और 1963 से 1967 तक इस पद पर रहे। [Former CM house attacked Manipur]
हिंसा पर काबू पाने की कोशिशें जारी
राज्य में लगातार हो रही हिंसा से तनाव बना हुआ है। मणिपुर सरकार और केंद्र सरकार की कोशिश है कि हिंसा को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके। सुरक्षा बलों ने हाल ही में भीड़ पर काबू पाने के लिए नए उपकरण और हथियारों का इस्तेमाल किया है। इस बीच, लोगों में डर का माहौल है, और सभी की निगाहें सरकार पर हैं कि कब यह हिंसा थमेगी।
