Kangana slams Rahul Gandhi: लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर हुई बहस के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। इस मुद्दे पर अब बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।
शुक्रवार को संसद के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए कंगना रनौत ने राहुल गांधी के भाषण की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा- "संसद में उनका भाषण सुनना सिरदर्द जैसा है। वो अपने बचपन के ट्रॉमा से गुजर रहे हैं। वह बकवास कर रहे थे और बयान इतने आपत्तिजनक थे कि सदन की कार्यवाही संभालना मुश्किल हो गया था और उन्हें बोलने से रोकने तक की नौबत आ गई। उन्होंने संसद भवन का मजाक बना दिया है।"
राहुल गांधी के भाषण पर विरोध
इससे पहले लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि विपक्ष इस बिल पर 45 मिनट में सरकार को घेर लेगा। अपने भाषण के दौरान उन्होंने एक जादूगर की कहानी का जिक्र किया और बालाकोट एयरस्ट्राइक जैसी सैन्य कार्रवाई को “जादू” से जोड़ दिया, जिस पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद सदन में हंगामा बढ़ गया। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने उनके शब्दों पर आपत्ति जताई, वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उनके बयान को लेकर सवाल उठाए। इसके चलते सदन का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
इसी बीच, महिला आरक्षण बिल पर चर्चा को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शाम 6 बजे लोकसभा में संबोधन देने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, दिन की कार्यवाही के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की एक अहम बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की उम्मीद है।