Kangana Ranaut Refutes Beef Consumption: बॉलीवुड अभिनेत्री और हिमाचल की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने गोमांस या लाल मांस खाने से इनकार किया है। उन्होंने गोमांस खाने की अफवाहों की आलोचना की। साथ ही योगिक और आयुर्वेदिक जीवनशैली से जीवन जीने की वकालत की। जय श्रीराम का उद्घोष करते हुए रनौत ने लिखा कि उनकी पहचान हिंदू है। जिस पर उन्हें गर्व है। 

आधारहीन अफवाहें फैलाई जा रही: कंगना
कंगना ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि न तो में बीफ (गोमांस) खाती हूं या किसी अन्य प्रकार के लाल मांस का सेवन करती हूं। यह शर्मनाक है कि मेरे बारे में पूरी तरह से आधारहीन अफवाहें फैलाई जा रही हैं। मैं दशकों से योगिक और आयुर्वेदिक जीवन शैली की वकालत और प्रचार कर रही हूं। अब ऐसी रणनीति मेरी छवि को खराब करने में काम नहीं करेगी। मेरे लोग मुझे जानते हैं और वे जानते हैं कि मैं एक गौरवान्वित हिंदू हूं और कोई भी चीज उन्हें कभी गुमराह नहीं कर सकती। जय श्री राम।

विजय वड्डेटीवार ने क्या कहा था?
कंगना की यह टिप्पणी कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के आरोपों के बाद आई है। कांग्रेस नेता ने 5 अप्रैल को आरोप लगाया था कि कंगना गोमांस खाती हैं। विजय वडेट्टीवार ने कंगना के पुराने एक्स पोस्ट का हवाला देते हुए कहा था कि उन्हें बीफ पसंद है और वह इसे खाती हैं। बीजेपी ने उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए टिकट दिया है। वडेट्टीवार ने एक सार्वजनिक रैली में कहा कि भाजपा सभी भ्रष्ट नेताओं का स्वागत कर रही है।

Kangana Ranaut

कांग्रेस नेता विजय के आरोपों पर महाराष्ट्र भाजपा के प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने भी पलटवार किया था। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की गंदी संस्कृति को दर्शाता है। कांग्रेस भाजपा से मुद्दों पर नहीं लड़ सकती है। विजय के बयान से कांग्रेस की पराजयवादी मानसिकता नजर आती है। 

Kangana Ranaut

कंगना के सामने विक्रमादित्य सिंह के उतरने की अटकलें
कांग्रेस पार्टी द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मंडी संसदीय क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत के खिलाफ हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह को मैदान में उतारने की अटकलें हैं।

Kangana Ranaut

मंडी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व वर्तमान में विक्रमादित्य की मां प्रतिभा सिंह लोकसभा में करती हैं। प्रतिभा सिंह के पास प्रदेश अध्यक्ष का प्रभार भी है। हिमाचल प्रदेश में आम चुनाव के आखिरी चरण यानी 1 जून को मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।