कनाडा में भारतीय छात्र की हत्या: घर से ऑडी लेकर निकला और अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी, कार के अंदर मिला शव

Student Shot Dead In Canada: कनाडा में अज्ञात हमलावरों ने एक भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात साउथ वैंकूवर शहर में हुई। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, मारे गए छात्र की पहचान 24 वर्षीय चिराग अंतिल के रूप में हुई है। उसके पड़ोसियों ने इलाके में गोली चलने की आवाज सुनी थी। उन्होंने बाहर आकर देखा तो उन्हें ऑडी कार के अंदर उसकी बॉडी मिली। अब चिराग का परिवार शव को भारत वापस लाने के लिए क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म GoFundMe के जरिए पैसों का इंतजाम कर रहा है।
ऑडी लेकर घर से निकला और हत्या हुई
पुलिस ने बताया कि घटना 12 अप्रैल को रात 11 बजे के आसपास हुई। तब ईस्ट 55वें एवेन्यू और मेन स्ट्रीट से मदद के लिए कॉल किया गया था। यहां चिराग एंटिल अपनी ऑडी कार के अंदर मृत पाया गया। वारदात के बाद पुलिस हमलावरों की जांच में जुटी है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मृतक छात्र के भाई रोमित ने मीडिया को बताया कि घटना वाले दिन सुबह जब उसकी फोन पर बात हुई तो चिराग खुश लग रहा था। इसके बाद चिराग ने कहीं जाने के लिए अपनी ऑडी निकाली, तभी किसी ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
NSUI ने विदेश मंत्रालय से मदद की लगाई गुहार
कांग्रेस की स्टूडेंट विंग नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) प्रेसिडेंट वरुण चौधरी ने X पोस्ट में विदेश मंत्रालय को टैग करते हुए चिराग की फैमली के लिए मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने लिखा- कनाडा के वैंकूवर में एक भारतीय छात्र चिराग एंटिल की हत्या के मामले में सरकार मदद करे। विदेश मंत्रालय से जांच की निगरानी और तेजी से न्याय दिलाने का आग्रह करते हैं। मुश्किल वक्त में छात्र के परिवार को हर संभव मदद प्रदान की जाए।
हरियाणा से एमबीए करने वैंकूवर गया था चिराग
चिराग हरियाणा का रहने वाला था। उसके भाई रोमित अंतिल ने स्थानीय मीडिया से कहा कि मेरा भाई हर किसी की मदद करने वाला इंसान था। हमारे बीच बहुत अच्छे रिश्ते थे। रोजाना बात करते थे। मैंने आखिरी बार वारदात से पहले उससे बात की थी। वह काफी खुश था, उसे कभी भी किसी से परेशानी नहीं हुई और न ही किसी से झगड़ा हुआ। बता दें कि चिराग सितंबर 2022 में वैंकूवर पहुंचा था। इसके बाद कुछ महीने पहले यूनिवर्सिटी कनाडा वेस्ट से एमबीए पूरा किया और हाल ही में उसे वर्क परमिट मिला था।
