Logo
BJP Chief JP Nadda's Tenure Extended:​​​​​​​ जेपी नड्डा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के करीबी हैं। उनका पूरा नाम जगत प्रकाश नड्डा है। उनका जन्म 2 दिसंबर 1960 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था।

BJP Chief JP Nadda's Tenure Extended: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल इस साल जून तक बढ़ा दिया गया है। इस फैसले की घोषणा जनवरी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की थी, जिसे रविवार को पार्टी की राष्ट्रीय परिषद ने मंजूरी दे दी। इसके अलावा, जेपी नड्डा को स्वतंत्र रूप से महत्वपूर्ण निर्णय लेने का अधिकार दिया गया है। जिस पर वे बाद में पार्टी के संसदीय बोर्ड से अप्रूवल ले सकते हैं। 

यह निर्णय दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक के दूसरे दिन आया। राष्ट्रीय अधिवेशन में 11 हजार से अधिक पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान भाजपा के 370 और एनडीए के 400 पार लक्ष्य पर महामंथन हुआ। रविवार को पीएम मोदी के भाषण के बाद अधिवेशन खत्म हुआ। 

2020 में भाजपा के पूर्णकालिक अध्यक्ष बने थे नड्डा
जेपी नड्डा ने 2019 में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में शुरुआत की थी। नड्डा से पहले अमित शाह अध्यक्ष थे। अध्यक्ष पद से हटने के बाद अमित शाह केंद्रीय गृह मंत्री बने। नड्डा ने 2020 में पूर्णकालिक पार्टी अध्यक्ष का पद संभाला था। बीते साल नड्डा का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया गया था। अब वे जून 2024 तक अध्यक्ष पद की कमान संभालेंगे। मतलब लोकसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा। 

जनवरी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नड्डा के कार्यकाल के विस्तार की घोषणा करते हुए अमित शाह ने कहा था कि जेपी नड्डा के नेतृत्व में बिहार में हमारा स्ट्राइक रेट सबसे अधिक था। एनडीए ने महाराष्ट्र में बहुमत हासिल किया, उत्तर प्रदेश में जीत हासिल की, और हमारा पश्चिम बंगाल में संख्या बढ़ी। हमने गुजरात में भी शानदार जीत दर्ज की है।

2019 तक स्वास्थ्य मंत्री रहे
जेपी नड्डा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के करीबी हैं। उनका पूरा नाम जगत प्रकाश नड्डा है। उनका जन्म 2 दिसंबर 1960 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। उन्होंने भाजपा के भीतर राष्ट्रीय महासचिव और संसदीय बोर्ड के सदस्य सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया है। नड्डा 2014 से 2019 तक केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और राज्यसभा में सांसद भी रहे। वह 2018 में हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए फिर से चुने गए। 

 

5379487