Logo
Assam Fighter Jet Crash: असम से एक दुखद खबर सामने आई है। भारतीय वायुसेना (IAF) का अत्याधुनिक फाइटर जेट सुखोई Su-30MKI गुरुवार रात असम के कार्बी आंगलोंग जिले में क्रैश हो गया। इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई।

Assam Fighter Jet Crash: असम से एक दुखद खबर सामने आई है। भारतीय वायुसेना (IAF) का अत्याधुनिक फाइटर जेट सुखोई Su-30MKI गुरुवार रात असम के कार्बी आंगलोंग जिले में क्रैश हो गया। इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। यह फाइटर जेट नियमित ट्रेनिंग मिशन पर था और उड़ान के दौरान अचानक संपर्क टूटने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

भारतीय वायुसेना ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सुखोई Su-30MKI ने असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही विमान से संपर्क टूट गया। बाद में सर्च ऑपरेशन के दौरान पता चला कि विमान असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में क्रैश हो गया है।

हादसे में दोनों पायलटों की मौत
वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरगकर को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। वायुसेना ने दोनों बहादुर पायलटों के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। IAF ने अपने संदेश में कहा कि पूरी वायुसेना इस दुखद घड़ी में शहीद पायलटों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

ऐसे हुआ हादसा
भारतीय वायुसेना के अनुसार, फाइटर जेट गुरुवार शाम जोरहाट से उड़ान भरकर ट्रेनिंग मिशन पर निकला था। विमान से आखिरी बार संपर्क शाम 7 बजकर 42 मिनट पर हुआ था। इसके बाद अचानक विमान रडार से गायब हो गया। रात करीब 9 बजकर 34 मिनट पर वायुसेना ने आधिकारिक तौर पर विमान के लापता होने की जानकारी दी और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। काफी देर की तलाश के बाद देर रात विमान का मलबा कार्बी आंगलोंग जिले में मिला, जिससे पुष्टि हुई कि फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है।

क्या है Su-30MKI फाइटर जेट
Su-30MKI भारतीय वायुसेना का एक अत्याधुनिक दो-सीटर मल्टीरोल फाइटर जेट है, जिसे रूसी विमान निर्माता कंपनी सुखोई ने डिजाइन किया है। यह विमान भारतीय वायुसेना की सबसे ताकतवर लड़ाकू विमानों में से एक माना जाता है और इसे कई तरह के युद्ध और ट्रेनिंग मिशनों के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

फिलहाल वायुसेना ने इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे की विस्तृत जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि फाइटर जेट क्रैश होने की असली वजह क्या थी।

5379487