Logo
2024 Big Events: आज से नई उमंग, उल्लास और उम्मीदों के साथ नया साल शुरू हो गया। 2024 में कई उपलब्धियां हमारी झोली में होंगी और दुनिया में भारत का दबदबा बढ़ेगा।

2024 Big Events: जनवरी में देश का सबके बड़ा इवेंट होगा अयोध्या में बने प्रभु श्रीराम के मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा। देश के करोड़ों राम भक्तों को इस दिन का बेसब्री से इंतजार है। इसी साल देश की जनता अगले पांच के लिए प्रधानमंत्री और 7 राज्यों की सरकार भी चुनेगी। एक तरफ अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तो वहीं चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (ISRO) अपना सबसे अहम मिशन गगनयान-1 लॉन्च करेगा। लंबे वक्त से रुकी जनगणना होगी। जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस मिलेगा और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) को नया गवर्नर... आइए जानते हैं, 2024 के बड़े इवेंट्स जो सालभर बटोरेंगे सुर्खियां... 

1. राम मंदिर: जनवरी में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 
2024 में सबसे पहले राम मंदिर का उद्घाटन होगा। 22 जनवरी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम के लिए देश-विदेश के लाखों लोगों को अयोध्या आने का न्यौता भेजा गया है। यह सिर्फ धार्मिक और राजनीतिक रूप से ही बड़ा आयोजन नहीं है, बल्कि इससे उत्तरप्रदेश के आर्थिक विकास को नए आयाम मिलेंगे। राम मंदिर के उद्घाटन के बाद योगी सरकार में लौटी विकास की रफ्तार दोगुनी होने वाली है।

2. फरवरी: चुनाव से पहले आम बजट होगा पेश 
1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का आम बजट संसद में पेश करेगी। वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्रीय बजट में आम नागरिकों को नई सौगातें मिलने की उम्मीद है। मौजूदा सरकार का यह आखिरी बजट है तो इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि मोदी सरकार चुनाव अभियान में फायदे के लिए जनता को कुछ तोहफा दे।

3. 2024 के चुनावी संग्राम पर रहेगी सबकी नजर

  • यह साल चुनाव के लिहाज से काफी अहम रहेगा। अप्रैल-मई में आम चुनाव पर दुनिया की नजर रहेगी। इसके बाद अक्टूबर में 7 राज्यों- आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव होंगे। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद पहली बार चुनाव होंगे और सितंबर पर राज्य का दर्जा मिलेगा। 
  • पड़ोसी देश बांग्लादेश में 7 जनवरी और पाकिस्तान में 8 फरवरी को आम चुनाव होंगे। इमरान खान की पार्टी पीटीआई से गोहर अली खान, पीएमएल(एन) से नवाज शरीफ और पीपीपी से बिलावल भुट्टों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। वहीं, बांग्लादेश में शेख हसीना की वापसी संभव है।
  • अमेरिका, ब्रिटेन और रूस में भी चुनाव होंगे। इन देशों में चुनाव परिणामों का असर भारत समेत दुनिया के बाकी देशों पर देखने को मिलेगा।

4. अर्थव्यवस्था: जर्मनी को पीछे छोड़ सकता है भारत 

  • भारत वैश्विक स्तर पर सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। ब्रिटेन को पछाड़कर अब भारत की नजर चौथा स्थान हासिल करने पर है। 2024 के अंत तक जर्मनी को पीछे छोड़ने की भी संभावना जताई जा रही है। 2024 में जर्मनी की जीडीपी ग्रोथ 4.4 ट्रिलियन डॉलर और भारत की जीडीपी ग्रोथ 4 ट्रिलियन डॉलर से ऊपर रहने का अनुमान है।
  • संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने रिपोर्ट में अनुमान जताया है कि घरेलू मांग बढ़ने से 2024 में भारतीय अर्थव्यवस्था 6.7 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी। 
  • राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश जीएसडीपी के मामले में कर्नाटक को पीछे छोड़कर देश की जीडीपी में योगदान करने के मामले में पहले स्थान पर आ सकता है। अभी कर्नाटक का जीएसडीपी 25 लाख करोड़ रुपए और उत्तर प्रदेश का जीएसडीपी 24.4 लाख करोड़ रुपए रहने का अनुमान है। अभी यूपी की विकास दर कर्नाटक से 20 फीसदी आगे है। 

5. मार्केट कैपिटिलाइजेशन 5 ट्रिलियन डॉलर पहुंचेगा
विदेशी निवेशकों का भारतीय बाजार पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है। अगले साल यानी 2024 में देश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (Foreign Direct Investment) बढ़ने की उम्मीद है। दिसंबर के अंत में सेंसेक्स ने लंबी छलांग लगाई है। 2023 में भारत का मार्केट कैपिटिलाइजेशन 26 फीसदी बढ़ा और यह 4.2 ट्रिलियन डॉलर के ऊपर पहुंच गया। उम्मीद है कि इस साल मार्केट कैप के मामले में भारत हॉन्गकॉन्ग को पछाड़ सकता है। हालांकि, चुनाव साल में बाजार में उतार-चढ़ाव का माहौल बना रहेगा, लेकिन लॉन्ग टर्म में निवेशकों को फायदा होगा। 

6. देशवासियों को जनगणना का इंतजार
देश में सालों से टली जनगणना 2024 में होने की पूरी उम्मीद है। यह न सिर्फ चुनाव क्षेत्रों के सीमांकन के लिए जरूरी है, बल्कि 33% महिला आरक्षण बिल लागू करने के लिहाज से भी अहम है। इस साल जनगणना शुरू हुई तो परिणाण 2025 में मिल पाएंगे।

7. ISRO: अंतरिक्ष में गगनयान-1 की उड़ान 
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) स्पेस में भारत का पहला मानव मिशन गगनयान-1 लॉन्च करेगा। चांद पर इंसान को भेजने के लिए कई तरह से टेस्टिंग पर काम हो रहा है। इसके साथ ही मंगलयान-2 और शुक्रयान-1 की लॉन्चिंग की तैयारियां भी चल रही है। पिछले साल चंद्रयान-3 और आदित्‍य एल-1 की सफल लॉन्चिंग इसरो के लिए बड़ी उपलब्धियां रहीं। 

8. सबसे बड़ा टेक्नोलॉजी और इंफ्रा एक्सपो 
31वें कन्वर्जेंस इंडिया एक्सपो का आयोजन 17 से 19 जनवरी के बीच दिल्ली के प्रगति मैदान में होगा। यह टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसमें आईटी, डिजिटल इनोवेशन, फिनटेक कंपनियां, ब्राडकॉस्टिंग समेच अन्य सेक्टर की कंपनियां हिस्सा लेंगी। 40 देशों के करीब 55 हजार इंडस्ट्री विजिटर्स और 1200 ब्रांड्स के आने की उम्मीद है। देश की 9 स्मार्ट सिटी अथॉरिटी इस इवेंट में हिस्सेदार हैं। 

9. डिजिटल ट्रांसफर्मेशन: ऑनलाइन पेमेंट में भारत अव्वल 
भारत में तेजी से डिजिटल ट्रांसफर्मेशन हो रहा है। तकनीकी उन्नति और नवाचार के मामले में देश ने नई ऊंचाइयां छूईं। भारत सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (ICT) में ग्लोबल लीडर बनने के लिए तैयार है। MyGovIndia के आंकड़ों के मुताबिक, देश डिजिटल भुगतान के मामले में शीर्ष पर रहा और 89.5 मिलियन ट्रांजैक्शन पूरे किए गए। यही नहीं, आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस पर 15 ट्रिलियन डॉलर, 5जी पर 13 ट्रिलियन डॉलर, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर 1 ट्रिलियन डॉलर पर खर्चा का अनुमान है।

10. डिफेंस सेक्टर में मिलेगी उपलब्धि
भारत का रक्षा उत्पादन वित्त वर्ष 2022-23 में पहली बार एक लाख करोड़ रु. के आंकड़े के पार पहुंच गया। रक्षा क्षेत्र में वर्ष 2023 में 81 बिलियन डॉलर का भारी खर्च किया, जो दुनिया में चौथा सबसे अधिक खर्च है। डिफेंस एक्सपोर्ट भी करीब 15 बिलियन डॉलर के ऑलटाइम हाई पर है। 2022-23 में भारत का रक्षा बजट 16,000 करोड़ रुपये तक पहुंचा, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 3,000 करोड़ अधिक है। इस साल डिफेंस सेक्टर में ग्रोथ बरकरार रहेगी।

11. RBI को मिलेगा नया गर्वनर
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी आरबीआई को 2024 में नया गवर्नर मिलेगा। मौजूद गवर्नर शक्तिकांता दास का टर्म दिसंबर 2024 में खत्म होगा। इसके साथ ही कई प्राइवेट और पीएसयू बैंक के शीर्ष नेतृत्व में बदलाव होगा। एसबीआई के चेयरमैन दिनेश खारा का टर्म अगस्त 2024 में पूरा होगा। अशोक वासवानी कोटक महिंद्रा बैंक के MD और CEO बनेंगे। PNB और Indian Bank के एमडी का टर्म भी दिसंबर 2024 में पूरा होगा।

12. आठ नई बुलेट ट्रेन...आसान होगा सफर
बीते कुछ सालों में रेलवे इंक्रास्ट्रक्चर पर सरकार ने विशेष ध्यान दिया है। आने वाले साल में 1300 से अधिक स्टेशनों को रीडेवलप किया जाएगा। 8 नई बुलेट ट्रेनें पर पटरी पर सरपट दौड़ती नजर आएंगी। मोदी सरकार ने अगले 5 सालों में 400 वंदेभारत ट्रेन और 3000 नई पैसेंजर ट्रेनों में निवेश का लक्ष्य रखा है। रेलवे के विकास पर 50 लाख करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।    

13. क्लीन एनर्जी पर बढ़ेगा फोकस 
भारत ने 2030 तक क्लीन एनर्जी सेक्टर में 30 लाख करोड़ रु. निवेश करने का लक्ष्य तय किया है। ग्रीन हाइड्रोजन को लेकर 8 लाख करोड़ रुपए खर्च का अनुमान है। इसके अलावा, आने वाले साल में निवेश के विभिन्न तरीकों में कमर्शियल ईवी, नई बैटरी तकनीक, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और बिजली भंडारण तकनीक पर भी जोर दिया जाएगा। 

5379487