India Club london: अब यादों में रह गया लंदन का इंडिया क्लब, प्रवासी भारतीयों के लिए था घर जैसा

India Club london
X
India Club london
India Club london: कहने को तो लंदन में करीब सवा सौ सालों तक मौजूद रहा इंडिया क्लब, मेहमानों को भारतीय व्यंजन उपलब्ध कराने वाला एक रेस्टोरेंट जैसा ही था। ब्रिटेन में भारतीयता की अनुभूति दिलाने वाली यह धरोहर अब केवल स्मृतियों में रह गई है।

India Club london: एक जमाने में महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, दादाभाई नौरोजी, बट्रेड रसल और बाद के दिनों में माउंटबेटेन जैसे दिग्गजों से गुलजार रहने वाला लंदन ( ब्रिटेन) में स्थित इंडिया क्लब, बीते साल 17 सितंबर 2023 को हमेशा-हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दफन हो गया।

देश-विदेश में किया जा रहा याद
सवाल उठना लाजिमी है, लंदन में स्थित इस इंडिया क्लब में आखिर ऐसी क्या खासियत थी कि इसके बंद होने पर लोग पिछले कुछ महीने से बड़ी शिद्दत से याद किए जा रहे हैं? अब तक हिंदुस्तान ही नहीं बल्कि इंग्लैंड के अखबारों और वेबसाइटों में भी इंडिया क्लब को याद करते हुए दर्जनों लेख छप चुके हैं। सैकड़ों लोग इस क्लब के बंद होने पर अपनी निराशा जता चुके हैं। सिर्फ भारत या कुछ ब्रिटिश लोगों के ही दिल में इस क्लब की खास जगह नहीं थी बल्कि ब्रिटेन में बसे सैकड़ों दूसरे देशों के लोग भी बड़ी शिद्दत से इंडिया क्लब को पिछले छह महीनों से लगातार याद कर रहे हैं। कुछ दिन पहले बीबीसी न्यूज की वेबसाइट पर मशहूर लेखक चेरिलान मोल्लान ने एक लेख लिखा था, जिसमें वो कहते हैं, ‘इंडिया क्लब क्या गजब की जगह थी, जहां भारतीयों के लिए भारत के बाहर घर के जैसे स्वाद की मौजूदगी थी।’

भारतीयता का था प्रतीक
इंडिया क्लब महज किसी होटल का एक रेस्त्रां भर नहीं था बल्कि यह लंदन में जीवंत भारतीयता का एक प्रतीक था। जहां भारतीय ही नहीं बल्कि भारतीय सभ्यता और संस्कृति से प्यार करने वाले लोग खाने, पीने और भारतीय कला, संस्कृति आदि पर विचार-विमर्श के लिए भी आते थे। जिन दिनों भारत गुलाम था, उन दिनों भी इंडिया क्लब इसी तरह गुलजार रहता था बल्कि भारत की आजादी के पहले वह भारतीयों की और भी अपनी खास जगह थी।

सवा सौ साल पहले हुई स्थापना
1900 के दशक में लंदन के होटल स्ट्रैंड कॉन्टिनेंटल की पहली मंजिल में द इंडिया क्लब की शुरुआत हुई थी, जहां इंडिया लीग जैसे राजनीतिक संगठन के सदस्य नियमित रूप से अपनी बैठकों के लिए आते थे। उन दिनों यह रेस्त्रां लोगों के लिए तरह-तरह के पकवानों को पेश करता था। इसके संस्थापक सदस्यों में भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू भी शामिल थे। 1990 के दशक में इस संपत्ति को भारतीय मूल के पारसी मार्कर परिवार ने लीज पर हासिल कर लिया था।

मिलते थे लजीज भारतीय व्यंजन
अपने गौरवशाली अतीत के साथ यह रेस्त्रां हमेशा से न सिर्फ भारत बल्कि दक्षिण एशियाई समुदायों के लिए अपनी घरेलू रसोई जैसा था। क्योंकि इस रेस्त्रां में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल आदि सभी देशों के मशहूर व्यंजन परोसे जाते थे। भारतीयों के लिए तो यह भारत के बाहर अपने घर जैसा ही था। 1950 और 60 के दशक में लंदन में यह एकमात्र ऐसी जगह थी, जहां न सिर्फ भारतीयों को अपने घर के जैसा खाना और अपनेपन की भाषा बोलने वाले मिलते थे बल्कि नए-नए आजाद हुए भारत की आजादी का जश्न मनाने का मौका भी मिलता था।

प्रवासी भारतीयों के लिए था घर जैसा
आजादी के बाद बड़े पैमाने पर भारतीय लोग, लंदन के दक्षिण इलाके में बस गए थे, जो पूरे लंदन में भारतीयों का अपना घर था और इस घर की मुकम्मल पहचान इंडिया क्लब से थी, क्योंकि जो भारतीय देश के बाहर भारतीय खान-पान को तरसा करते थे, उन सबके लिए द इंडिया क्लब अपने घर जैसा था। यहां ये लोग डोसा-सांभर, बटर चिकन, तरह-तरह के पकौड़े, समोसा, मसाला चाय और कॉफी का आनंद लिया करते थे। लेकिन न सिर्फ 1950 की दशक में बल्कि 17 सितंबर 2023 को जब इंडिया क्लब बंद हुआ, तब तक इसकी यही पहचान थी। सबसे बड़ी बात यह है कि चाहे आजादी के पहले की बात रही हो या बाद की, इंडिया क्लब ने अपनी पहचान के साथ रत्तीभर भी समझौता नहीं किया था और न ही उसने अपनी गुणवत्ता में जरा भी गिरावट आने दी थी।

यह क्लब हमेशा से लंदन में भारतीय प्रवासियों के लिए अपने घर जैसा था। लगभग सभी बड़े भारतीय पत्रकार लंदन में रहते हुए हफ्ते में एक बार तो इंडिया क्लब में पहुंचते ही थे। यह सेंट्रल लंदन की उन खास जगहों में से एक था, जहां भारतीय संस्कृति जीवंत रूप में उपस्थित रहती थी। शशि थरूर की बहन और मोटिवेशनल स्पीकर स्मिता थरूर कहती हैं, ‘क्लब के संस्थापक सदस्यों में मेरे पिता चंदन थरूर भी थे, इसलिए लंदन का यह क्लब मेरे लिए अपना पुश्तैनी घर जैसा लगता रहा है।’ बहुत सारे भारतीय लेखक और सेलिब्रिटी लंदन में रहते हुए खासतौर पर इस क्लब में अपनी जिंदगी के खास दिन सेलिब्रेट करने के लिए यहां आया करते थे।

इसलिए क्लब हो गया बंद
पिछले कई सालों से इस क्लब के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडरा रहे थे, क्योंकि इंडिया क्लब की अंतिम मालिक फिरोजा मार्कर के मुताबिक यह जिस स्ट्रैंड कॉन्टिनेंटल बिल्डिंग में मौजूद था, उसके इर्द-गिर्द पुरानी इमारतों के नवीनीकरण का दबाव था, क्योंकि सभी पुरानी बिल्डिंगों की मौजूदा कीमतों में जमीन आसमान का फर्क हो गया था। हालांकि इस दबाव को टालने के लिए इंडिया क्लब ने तमाम कोशिशें की थीं। 9 हजार से ज्यादा लोगों के हस्ताक्षरों को लंदन के म्युनिस्पल कॉरपोरेशन को भेजा गया और कहा गया कि जहां कभी दर्शनिक बट्रेड रसल, भारत के अंतिम गवर्नर लार्ड माउंट बेटन और ब्रिटेन में भारतीय मूल के पहले सांसद दादाभाई नौरोजी बैठकर गपशप किया करते थे, उस विरासत को उसी रूप में सहेजने की जरूरत है। लेकिन प्रॉपर्टी के बढ़ते दामों के दबाव में आखिर यह संभव नहीं हुआ। अगर सरकारों द्वारा प्रयास किया जाता तो भारतीय स्वतंत्रता संघर्ष के इतिहास की यादें सहेजने वाला इंडिया क्लब आज भी मौजूद रहता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और अब यह क्लब महज यादों और किस्सों में मौजूद रहेगा।

नयनतारा

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story