Paneer Sandwich: बच्चों को रोज़-रोज़ एक जैसा नाश्ता देना किसी चुनौती से कम नहीं है। कभी उन्हें पराठा नहीं पसंद आता तो कभी सब्जी से नाक-भौं सिकोड़ लेते हैं। ऐसे में अगर प्लेट में गरमा-गरम, चीज़ी और हल्का क्रिस्पी पनीर सैंडविच आ जाए, तो बच्चे खुद ही वाह! कह उठते हैं।
पनीर सैंडविच न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है, बल्कि सेहत के लिहाज़ से भी अच्छा विकल्प है। प्रोटीन से भरपूर पनीर बच्चों की ग्रोथ में मदद करता है और सब्जियों के साथ मिलकर यह एक बैलेंस्ड मील बन जाता है। खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता सिर्फ 10-15 मिनट में टेस्टी सैंडविच तैयार।
पनीर सैंडविच बनाने के लिए सामग्री
- 8 ब्रेड स्लाइस (सफेद या ब्राउन)
- 200 ग्राम ताज़ा पनीर (मैश किया हुआ)
- 1 छोटा प्याज (बारीक कटा)
- 1 छोटा शिमला मिर्च (बारीक कटी)
- 1 छोटा गाजर (कद्दूकस किया हुआ)
- 1-2 हरी मिर्च (बारीक कटी, वैकल्पिक)
- 1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला
- स्वादानुसार नमक
- 2 बड़े चम्मच बटर या घी
- हरी चटनी या टोमैटो सॉस (सर्विंग के लिए)
पनीर सैंडविच बनाने का तरीका
पनीर सैंडविच को देखकर किसी के भी मुंह में पानी आ जाएगा। इसे तैयार करने के लिए एक बड़े बाउल में मैश किया हुआ पनीर लें। इसमें प्याज, शिमला मिर्च, गाजर और हरी मिर्च डालें। अब नमक, काली मिर्च और चाट मसाला मिलाकर अच्छे से मिक्स करें।
स्टफिंग ज्यादा सूखी लगे तो एक चम्मच मलाई या मेयोनेज़ भी मिला सकते हैं, जिससे स्वाद और रिच हो जाएगा। इसके बाद ब्रेड स्लाइस पर हल्का बटर लगाएं। अब एक स्लाइस पर पनीर की तैयार स्टफिंग समान रूप से फैलाएं। ऊपर से दूसरी ब्रेड स्लाइस रखकर हल्के हाथ से दबाएं।
अब तवा या सैंडविच मेकर को गर्म करें। सैंडविच को दोनों तरफ से बटर लगाकर मध्यम आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंकें। अगर ग्रिलर है तो 3-4 मिनट में बढ़िया ग्रिल मार्क्स के साथ सैंडविच तैयार हो जाएगा।
सैंडविच को तिकोने या चौकोर टुकड़ों में काटें। ऊपर से हल्का बटर ब्रश कर सकते हैं। इसे हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ गरमा-गरम परोसें। इसे देखकर हर किसी के चेहरे खिल उठेंगे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
