Sweet Potato Chips: स्वीट पोटैटो यानी शकरकंद से तैयार चिप्स बेहद स्वादिष्ट लगती है। इसे शाम की चाय के साथ परोसा जा सकता है।

Sweet Potato Chips: भागदौड़ भरी जिंदगी में अगर कुछ ऐसा मिल जाए जो स्वादिष्ट भी हो और सेहतमंद भी, तो बात ही अलग है। शकरकंदी की चिप्स ऐसा ही हेल्दी स्नैक है, जो बाजार की तली-भुनी चिप्स का बेहतरीन विकल्प बन सकता है। हल्की मीठास, कुरकुरापन और भरपूर पोषण ये तीनों खूबियां इसे खास बनाती हैं।

शकरकंदी (स्वीट पोटैटो) फाइबर, आयरन, विटामिन A और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत है, जो शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देता है। खास बात यह है कि इसे घर पर बहुत आसान तरीके से बेक या हल्का फ्राई करके तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।

शकरकंदी की चिप्स बनाने के लिए सामग्री

  • 2 बड़ी शकरकंदी
  • 1-2 बड़े चम्मच ऑलिव ऑयल या सरसों का तेल
  • 1/2 छोटा चम्मच काला नमक या साधारण नमक
  • 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला (वैकल्पिक)
  • 1 चुटकी हल्दी (वैकल्पिक)

शकरकंदी की चिप्स बनाने का तरीका

शकरकंदी से तैयार होने वाली चिप्स एनर्जी से भरपूर होती है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले शकरकंदी को अच्छी तरह धो लें ताकि मिट्टी साफ हो जाए। चाहें तो छिलका उतार लें, हालांकि छिलके सहित भी चिप्स बनाए जा सकते हैं। अब इसे पतले-पतले गोल स्लाइस में काट लें। कोशिश करें कि सभी स्लाइस एक समान मोटाई के हों।

कटे हुए स्लाइस को एक बड़े बाउल में डालें। इसमें तेल, नमक, लाल मिर्च, काली मिर्च और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। ध्यान रखें कि हर स्लाइस पर हल्की परत में मसाला और तेल लग जाए। ज्यादा तेल डालने से चिप्स नरम हो सकती हैं।

ओवन को 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें। बेकिंग ट्रे पर बटर पेपर लगाकर स्लाइस को एक-एक करके फैलाएं। ध्यान रखें कि स्लाइस एक-दूसरे के ऊपर न हों। 15-20 मिनट तक बेक करें। बीच में एक बार पलट दें ताकि दोनों तरफ से कुरकुरी बनें। जब किनारे सुनहरे और क्रिस्प हो जाएं, तो बाहर निकाल लें।

अगर ओवन उपलब्ध नहीं है, तो कढ़ाही में तेल गरम करें और स्लाइस को मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक तल लें। तलने के बाद टिश्यू पेपर पर निकालें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।

तैयार शकरकंदी चिप्स को एयरटाइट डिब्बे में रखें। इसे चाय के साथ या बच्चों के टिफिन में भी दे सकते हैं। यह स्नैक न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है, बल्कि शरीर को तुरंत एनर्जी भी देता है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

(लेखक:कीर्ति)