Raw Mango Chutney: गर्मी के मौसम में कच्चा आम यानी कैरी हर किसी का फेवरेट बन जाता है। इसकी खटास और ताजगी खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है। अगर इसे चटनी के रूप में तैयार किया जाए, तो साधारण दाल-चावल या रोटी-सब्जी भी खास बन जाती है।
अगर आप भी अपने लंच या डिनर में कुछ अलग और चटपटा जोड़ना चाहते हैं, तो कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी एक परफेक्ट ऑप्शन है। यह चटनी सिर्फ 10 मिनट में तैयार हो जाती है और हर उम्र के लोगों को पसंद आती है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
कच्चे आम की चटनी बनाने के लिए सामग्री
- कच्चा आम (छिला और कटा हुआ) - 1 कप
- गुड़ - 1/2 कप
- नमक - स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर - 1/2 टीस्पून
- भुना जीरा पाउडर - 1 टीस्पून
- सौंफ - 1/2 टीस्पून
- पानी - 1/2 कप
- तेल - 1 टीस्पून
- राई - 1/2 टीस्पून
- करी पत्ते - 5-6
कच्चे आम की चटनी बनाने का तरीका
कच्चे आम से तैयार होने वाली चटनी बेहद स्वादिष्ट लगती है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे आम को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक पैन में थोड़ा सा पानी डालकर आम के टुकड़ों को 4-5 मिनट तक हल्का नरम होने तक पकाएं। इससे आम का खट्टापन थोड़ा माइल्ड हो जाएगा और चटनी का टेक्सचर भी बेहतर बनेगा।
जब आम नरम हो जाए, तो उसमें गुड़ डालें और धीमी आंच पर पकाएं। गुड़ पिघलकर आम के साथ अच्छी तरह मिल जाएगा। अब इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, भुना जीरा और सौंफ डालें। इन मसालों से चटनी का स्वाद खट्टा-मीठा और हल्का तीखा बनता है।
अब एक छोटे पैन में तेल गर्म करें और उसमें राई डालें। जब राई चटकने लगे, तो उसमें करी पत्ते डालें। इस तड़के को तैयार चटनी में डाल दें और अच्छी तरह मिलाएं। इससे चटनी में एक अलग ही खुशबू और स्वाद आ जाता है।
अगर आप स्मूद चटनी पसंद करते हैं, तो इसे थोड़ा ठंडा करके मिक्सर में पीस सकते हैं। वहीं, अगर आप चंकी टेक्सचर पसंद करते हैं, तो इसे ऐसे ही रहने दें। दोनों ही तरीके में चटनी बेहद स्वादिष्ट लगती है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)