Kadhi Recipe: घर की रसोई में अगर कुछ ऐसा बन जाए जो साधारण चावल को भी खास बना दे, तो समझिए दिन बन गया। दही वाली कढ़ी भी ऐसी ही डिश है खट्टी-मसालेदार स्वाद, ऊपर से तड़के की खुशबू और साथ में गरमागरम चावल। एक बार थाली में परोस दी जाए तो हर कोई उंगलियां चाटता रह जाता है।
खास बात यह है कि यह रेसिपी ज्यादा महंगी या मुश्किल नहीं है। घर में मौजूद दही और बेसन से तैयार होने वाली कढ़ी लंच और डिनर दोनों के लिए परफेक्ट है। चाहें सादी कढ़ी बनाएं या पकोड़े डालकर, इसका स्वाद हर बार दिल जीत लेता है। आइए जानते हैं आसान विधि।
दही वाली कढ़ी बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप खट्टा दही
- 3 बड़े चम्मच बेसन
- 4 कप पानी
- 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- नमक स्वादानुसार
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1/2 छोटा चम्मच मेथी दाना
- 2 सूखी लाल मिर्च
- 8-10 करी पत्ते
- 1 चुटकी हींग
- 1 बड़ा चम्मच सरसों या रिफाइंड तेल
दही वाली कढ़ी बनाने का तरीका
दही वाली कढ़ी बनाना बहुत आसान है। इसके लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें। अब इसमें बेसन डालें और बिना गुठली का स्मूद घोल तैयार करें। इसमें पानी, हल्दी, लाल मिर्च और नमक मिलाकर दोबारा अच्छी तरह चला लें। ध्यान रखें कि मिश्रण पतला और एकसार होना चाहिए, तभी कढ़ी स्मूद बनेगी।
एक गहरे पैन या कढ़ाही में तैयार मिश्रण डालें और मध्यम आंच पर पकाना शुरू करें। लगातार चलाते रहें ताकि बेसन नीचे चिपके नहीं। जब उबाल आने लगे तो आंच धीमी कर दें और 20-25 मिनट तक पकने दें। धीरे-धीरे कढ़ी गाढ़ी होने लगेगी और कच्चे बेसन की खुशबू खत्म हो जाएगी।
दही सूजी स्टफ्ड इडली: दिन की शुरुआत के लिए परफेक्ट है यह डिश, स्वाद मिलेगा बेजोड़, जानें रेसिपी
Paneer Balls: शाम की चाय के साथ परोसें कुरकुरे पनीर बॉल्स, जो खाएगा करेगा आपकी तारीफ
Bhindi Masala: भिंडी मसाला की सब्जी डिनर बना देगी खास, मेहमानों को भी स्वाद लगेगा जबरदस्त
अब एक छोटे पैन में तेल गरम करें। उसमें जीरा, मेथी दाना, हींग, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ते डालें। जब मसाले चटकने लगें तो अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर हल्का भून लें। तैयार तड़का गरम कढ़ी में डालें और तुरंत ढक दें ताकि खुशबू अंदर ही रहे।
अगर पकोड़े डालना चाहते हैं तो बेसन में नमक और मिर्च मिलाकर गाढ़ा घोल बनाएं। छोटे-छोटे पकोड़े तलकर तैयार करें और उबलती कढ़ी में डाल दें। 5-7 मिनट धीमी आंच पर पकाएं ताकि पकोड़े कढ़ी का स्वाद सोख लें। गरमागरम कढ़ी को सादे चावल, जीरा राइस या रोटी के साथ परोसें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।