Kitchen Drain Cleaning: किचन का सिंक अगर बार-बार चोक हो जाए तो पूरी दिनचर्या बिगड़ जाती है। बर्तन धोते समय पानी भर जाना, बदबू आना और गंदगी जमा होना न सिर्फ परेशानी बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी हानिकारक हो सकता है। कई लोग इस समस्या से जूझते हैं, लेकिन सही जानकारी के अभाव में बार-बार प्लंबर बुलाना पड़ता है।
असल में सिंक चोक होने की सबसे बड़ी वजह है तेल-चिकनाई, खाने के छोटे कण और साबुन का जमा होना। ये पाइप के अंदर चिपककर धीरे-धीरे रास्ता बंद कर देते हैं। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप इस समस्या को खुद ही दूर कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे असरदार तरीके, जो मिनटों में राहत दे सकते हैं।
चोक किचन सिंक क्लीन करने के तरीके
बेकिंग सोडा और सिरका का कमाल
बेकिंग सोडा और सिरका एक नेचुरल क्लीनर की तरह काम करते हैं। एक कप बेकिंग सोडा सिंक में डालें और उसके ऊपर एक कप सफेद सिरका डाल दें। 10-15 मिनट तक इसे ऐसे ही रहने दें। फिर गर्म पानी डालकर फ्लश कर दें। इससे जमी गंदगी ढीली हो जाती है और पाइप साफ हो जाता है।
उबलते पानी से करें सफाई
अगर सिंक हल्का-फुल्का चोक है तो उबलता पानी भी काफी कारगर साबित हो सकता है। एक केतली उबलता पानी धीरे-धीरे नाली में डालें। यह पाइप में जमी चिकनाई को पिघलाने में मदद करता है।
प्लंजर का इस्तेमाल
प्लंजर एक आसान और सस्ता उपाय है। सिंक में थोड़ा पानी भर लें और प्लंजर को ड्रेन होल पर अच्छी तरह लगाकर 8-10 बार दबाएं। इससे जाम कण ऊपर आ सकते हैं और रास्ता साफ हो सकता है।
नमक और गरम पानी
नमक भी पाइप की सफाई में मदद करता है। आधा कप नमक ड्रेन में डालें और उसके ऊपर गर्म पानी डाल दें। यह बदबू कम करने और गंदगी हटाने में सहायक होता है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
