Iron Deficiency: शरीर में आयरन की कमी कई तरह की समस्याओं को पैदा कर सकती है। जानते हैं आयरन की कमी के लक्षण और आयरन रिच फूड्स के बारे में।

Iron Deficiency: आजकल भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित खानपान और जंक फूड की बढ़ती आदतों ने सेहत पर गहरा असर डाला है। इन्हीं समस्याओं में से एक है आयरन की कमी, जिसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। शरीर में आयरन की सही मात्रा न होने पर थकान से लेकर गंभीर एनीमिया तक की स्थिति बन सकती है।

डॉक्टरों के अनुसार, महिलाएं, बच्चे और गर्भवती महिलाएं आयरन की कमी का सबसे ज्यादा शिकार होती हैं। समय रहते लक्षण पहचान लिए जाएं तो सही डाइट और जीवनशैली में बदलाव से इस परेशानी को आसानी से दूर किया जा सकता है। आइए जानते हैं आयरन की कमी के 6 प्रमुख लक्षण और किन फूड्स से इसे पूरा किया जा सकता है।

आयरन की कमी के लक्षण

हर समय थकान और कमजोरी
अगर बिना ज्यादा काम किए भी थकान महसूस होती है, तो यह आयरन की कमी का संकेत हो सकता है। आयरन हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है, जो शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाता है। इसकी कमी से शरीर सुस्त पड़ जाता है।

चेहरा पीला पड़ना
त्वचा का रंग फीका या पीला दिखना आयरन की कमी का आम लक्षण है। होंठ और आंखों के नीचे का हिस्सा भी हल्का पड़ सकता है।

सांस फूलना
सीढ़ियां चढ़ते समय या हल्की एक्सरसाइज में सांस फूलना इस बात का संकेत है कि शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल रही।

बाल झड़ना
अचानक ज्यादा बाल झड़ना भी आयरन की कमी से जुड़ा हो सकता है। शरीर जरूरी अंगों को प्राथमिकता देता है, जिससे बालों को पोषण कम मिल पाता है।

चक्कर आना और सिरदर्द
बार-बार सिरदर्द या चक्कर आना भी इस समस्या का संकेत हो सकता है। यह दिमाग तक ऑक्सीजन की कमी के कारण होता है।

नाखूनों का कमजोर होना
नाखून पतले, टूटने वाले या चम्मच जैसे आकार के हो जाएं तो यह आयरन की कमी का लक्षण हो सकता है।

आयरन की कमी दूर करने वाले फूड्स

हरी पत्तेदार सब्जियां
पालक, मेथी और सरसों का साग आयरन का अच्छा स्रोत हैं। इन्हें नियमित आहार में शामिल करें।

दालें और बीन्स
चना, राजमा, मसूर और सोयाबीन में भरपूर आयरन पाया जाता है।

गुड़ और चुकंदर
गुड़ आयरन का देसी और असरदार स्रोत है। चुकंदर भी खून बढ़ाने में मददगार माना जाता है।

अनार और सेब
फल भी आयरन की कमी दूर करने में सहायक हैं। अनार खासतौर पर हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करता है।

नॉन-वेज विकल्प
अंडा, चिकन और लीवर आयरन के बेहतरीन स्रोत हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो नॉन-वेज खाते हैं।

(Disc।aimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी डॉक्टर/विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

(लेखक:कीर्ति)