High Fiber: ज्यादा फाइबर फायदे की जगह कर सकता है नुकसान! जान लें क्या हो सकती है समस्या

High Fiber Side Effects: फाइबर को हेल्दी डाइट का अहम हिस्सा माना जाता है। यह पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है, वजन घटाने में मदद करता है और कोलेस्ट्रॉल को भी नियंत्रित करता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर फाइबर की मात्रा जरूरत से ज्यादा ले ली जाए, तो यह शरीर के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकता है? कई लोग बिना डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह के फाइबर सप्लाीमेंट लेने लगते हैं, जिससे पेट और आंतों से जुड़ी कई समस्याएं हो सकती हैं।
दरअसल, फाइबर का काम पाचन प्रक्रिया को आसान बनाना है, लेकिन इसका अत्यधिक सेवन गैस, पेट फूलना, ऐंठन और डिहाइड्रेशन जैसी दिक्कतें पैदा कर सकता है। आइए जानते हैं शरीर में ज्यादा फाइबर जाने के साइड इफेक्ट्स।
ज्यादा फाइबर लेने के 5 नुकसान
पेट फूलना और गैस बनना: जब फाइबर की मात्रा ज्यादा हो जाती है, तो आंतों में फर्मेंटेशन बढ़ जाता है, जिससे गैस और ब्लोटिंग (पेट फूलना) की समस्या होती है। खासकर सॉल्युबल फाइबर जैसे ओट्स, फल और दालों का अधिक सेवन करने से पेट भारी महसूस होता है और पाचन धीमा पड़ सकता है।
कब्ज की दिक्कत: फाइबर को कब्ज दूर करने के लिए जाना जाता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा फाइबर उल्टा असर दिखा सकता है। अगर पर्याप्त पानी नहीं पिया जाए, तो फाइबर आंतों में सूखकर कठोर हो जाता है, जिससे मलत्याग मुश्किल हो जाता है। इसलिए फाइबर के साथ पानी का पर्याप्त सेवन जरूरी है।
डिहाइड्रेशन का खतरा: फाइबर शरीर में पानी को सोख लेता है, जिससे डिहाइड्रेशन हो सकता है। ऐसे में मुंह सूखना, थकान और सिरदर्द जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं। खासतौर पर गर्म मौसम या वर्कआउट करने वालों के लिए यह स्थिति और भी गंभीर बन सकती है।
पोषक तत्वों की कमी: ज्यादा फाइबर खाने से कुछ जरूरी पोषक तत्वों जैसे आयरन, जिंक, कैल्शियम और मैग्नीशियम का अवशोषण (Absorption) कम हो जाता है। इससे शरीर कमजोर पड़ सकता है और इम्यून सिस्टम पर भी असर पड़ता है। इसलिए संतुलित डाइट में ही फाइबर शामिल करें।
पेट में ऐंठन और दर्द: अगर आप अचानक बहुत ज्यादा फाइबर खाना शुरू कर देते हैं, तो आंतों पर दबाव बढ़ जाता है। इससे पेट में ऐंठन, दर्द और गैस बनने लगती है। बेहतर होगा कि फाइबर का सेवन धीरे-धीरे बढ़ाएं ताकि शरीर को इसकी आदत पड़ सके।
(Disc।aimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी डॉक्टर/विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
