Virat-Anushka Wedding: भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की इटली में हुई शादी आज भी सबसे चर्चित सेलिब्रिटी वेडिंग्स में गिनी जाती है। साल 2017 में टस्कनी में हुई इस शादी को बेहद प्राइवेट रखा गया था, जिसमें सिर्फ करीबी दोस्तों और परिवार के करीब 40 लोग ही शामिल हुए थे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद अब एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है।
अनजान शख्स ने BMW से ली एंट्री
इस शादी की सुरक्षा संभालने वाली एजेंसी के चीफ यासीन खान ने हाल ही में बताया कि इतने सख्त इंतजामों के बावजूद एक शख्स शादी में घुसने में कामयाब हो गया था। उन्होंने हिंदी रश से बातचीत के दौरान बताया, “एक बिन बुलाए मेहमान, जो बिल्कुल महाराजा की तरह कपड़े पहने हुए था, बीएमडब्ल्यू में आया और उसके साथ सफारी में दो बाउंसर भी थे। मैं गेट पर मौजूद नहीं था। मैं मुख्य हॉल में था जहां शादी हो रही थी। मेरी टीम भी वहीं थी। हम बिन बुलाए मेहमानों को चेहरे से जानते थे। मेरे सुपरवाइजर को शक हुआ तो उन्होंने इवेंट मैनेजमेंट टीम को इसकी सूचना दे दी।”
यासीन खान ने कहा कि उस शख्स के साथ दो बाउंसर भी थे, जिसके चलते इवेंट टीम को उस पर ज्यादा शक नहीं हुआ। हालांकि, सिक्योरिटी टीम के एक सुपरवाइजर को उस पर संदेह हुआ और उन्होंने इसकी जानकारी दी, लेकिन इवेंट मैनेजमेंट के कुछ सदस्यों ने उसे असली गेस्ट मानकर अंदर जाने दिया।
जब यासीन खान की नजर उस व्यक्ति पर पड़ी, तो उन्हें उसका व्यवहार अजीब लगा। वह बाकी मेहमानों की तरह घुलने-मिलने के बजाय एक कोने में ही खड़ा रहता था और अपने गार्ड्स से सेलेब्रिटीज के साथ तस्वीरें खिंचवाता था। इससे शक और गहरा गया।
पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने खुद को एक आमंत्रित मेहमान का रिश्तेदार बताया। लेकिन जब इस बात की पुष्टि की गई, तो पता चला कि उसे केवल दिल्ली में होने वाले रिसेप्शन के लिए बुलाया गया था, न कि इटली की शादी के लिए। इसके बाद सिक्योरिटी टीम ने उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया, हालांकि जाते-जाते उसने थोड़ा रौब भी दिखाया।
दीपिका-रणवीर की शादी में भी हुआ था हंगामा
यासीन खान ने एक और बड़े इवेंट का जिक्र करते हुए बताया कि दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के मुंबई रिसेप्शन के दौरान भी हालात काफी चुनौतीपूर्ण हो गए थे। वहां भारी भीड़ और गलत कोऑर्डिनेशन की वजह से अफरा-तफरी मच गई थी। उन्होंने बताया कि भीड़ के दबाव में उन्हें चोट भी लग गई थी और उनका कंधा डिसलोकेट हो गया था।









