Sunidhi Chauhan Concert: मशहूर प्लेबैक सिंगर सुनिधि चौहान (Sunidhi Chauhan) लखनऊ में हुए एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान भावुक हो गई। परफॉर्मेंस के बीच उनका गला खराब हो गया, जिसके बाद उन्होंने मंच से दर्शकों से माफी मांगी। इसके बावजूद उन्होंने कॉन्सर्ट जारी रखा और अपने कई लोकप्रिय गाने गाकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
कॉन्सर्ट के दौरान बिगड़ी आवाज
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित कूलब्रीज रिसॉर्ट में आयोजित इस म्यूजिक नाइट में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। परफॉर्मेंस के दौरान सुनिधि ने दर्शकों से कहा कि उनकी आवाज बहुत खराब है और ऐसा उनके साथ पहले कभी नहीं हुआ। इस बात को कहते हुए वह कुछ पल के लिए भावुक भी हो गई।
यह भी पढ़े - कौन हैं अदिति हुंडिया? वर्ल्ड कप जीत के बाद ईशान किशन संग मैदान पर जश्न मनाती दिखी; PHOTOS
दर्शकों से मांगा सहयोग
हालांकि गला खराब होने के बावजूद उन्होंने कॉन्सर्ट रोकने के बजाय जारी रखने का फैसला किया। उन्होंने दर्शकों से कहा, “लखनऊ वालों, शोर तो मचा दो… जो खड़े हैं और जो बैठे हैं, वे दस सेकेंड के लिए खड़े हो जाएं।” इसके बाद माहौल बन गया और लोग उनके साथ गाने गाने लगे।
हिट गानों पर झूमे लोग
कॉन्सर्ट में सुनिधि ने अपने कई हिट गाने पेश किए। इनमें ‘धूम मचा ले’, ‘नच बलिए’, ‘तेरे इश्क की दीवानगी’, ‘परदा-परदा’ और ‘तेरे लिए सिग्नल छोड़-छाड़ कर’ जैसे गाने शामिल थे। तेज बीट्स, दमदार म्यूजिक और शानदार लाइटिंग इफेक्ट्स के बीच दर्शक जमकर झूमते नजर आए।
टूर का आखिरी पड़ाव कोलकाता
सुनिधि चौहान का यह म्यूजिक टूर 24 दिसंबर 2025 को मुंबई से शुरू हुआ था। इसके बाद दिल्ली, बेंगलुरु, अहमदाबाद, चेन्नई, जयपुर, चंडीगढ़ और इंदौर में शो हुए। अब उनका अगला और इस टूर का आखिरी कॉन्सर्ट 14 मार्च को कोलकाता में होगा।
यह भी पढ़े - ‘अल्फा’ की रिलीज डेट का ऐलान, आलिया भट्ट की स्पाई एक्शन फिल्म इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक