Jai Somnath: बॉलीवुड के दो बड़े फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली और केतन मेहता पहली बार एक साथ फिल्म बनाने जा रहे हैं। दोनों ने ऐतिहासिक फिल्म ‘जय सोमनाथ’ का ऐलान किया है। यह फिल्म भारतीय इतिहास और सभ्यता की एक अहम घटना को बड़े पर्दे पर दिखाएगी।
ऐतिहासिक कहानी पर आधारित फिल्म
‘जय सोमनाथ’ की कहानी साल 1025–1026 ईस्वी के दौर पर आधारित है। उस समय महमूद गजनी ने गुजरात के सोमनाथ मंदिर पर हमला कर उसे लूटा था। यह घटना भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय मानी जाती है। फिल्म में विनाश के बाद दोबारा खड़े होने की ताकत और सोमनाथ मंदिर की गौरव गाथा को दिखाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस ऐतिहासिक विषय पर पहली बार इतनी भव्य फिल्म बनाई जा रही है। इस साल इस हमले को 1000 साल पूरे हो रहे हैं, इसलिए भी यह प्रोजेक्ट खास माना जा रहा है।
फिल्म में क्या है खास?
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत है संजय लीला भंसाली और केतन मेहता का साथ आना। भंसाली अपनी भव्य और शानदार फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, जबकि केतन मेहता ऐतिहासिक और गंभीर विषयों पर फिल्में बनाने के लिए मशहूर हैं।
दोनों फिल्ममेकर गुजरात से ताल्लुक रखते हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि वे इस कहानी को सच्चाई के साथ पर्दे पर पेश करेंगे।
फिल्म कब होगी रिलीज?
‘जय सोमनाथ’ का निर्माण भंसाली प्रोडक्शंस और केतन मेहता की कंपनी माया मूवीज के बैनर तले किया जाएगा। फिल्म का लेखन और निर्देशन खुद केतन मेहता संभालेंगे। यह फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।
