Salman Khan Galaxy Firing Case: बॉलीवुड के सबसे चहेते सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) के घर के बाहर हुई फायरिंग का मामला इस वक्त काफी गर्माया हुआ है। 14 अप्रैल को उनके मुंबई के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हवाई फायरिंग की गई थी जिसमें उनकी बिल्डिंग पर गोलियां चलाई गई थीं। इस घटना ने इंडस्ट्री से लेकर उनके फैंस तक सबको हिलाकर रख दिया था। इस मामले में दोनों आरोपी शूटर्स भी गरफ्तार हो चुके हैं जिन्हें पुलिस ने गुजरात के भुज से पकड़ा है।

पुलिस की पूछताछ में हुआ खुलासा
मामले में मुंबई पुलिस गहराई से जांच कर रही है। वहीं अब इस पूछताछ में पकड़ाए गए दोनों मुख्य आरोपी विक्की और सागर ने बड़ा खुलासा किया है। पूछताछ में उन्होंने बताया है कि इस फायरिंग के लिए लॉरेंस बिश्नोई की गैंग ने उनसे संपर्क किया था और फायरिंग करने को कहा था। इसके लिए उन्हें 1 लाख रुपए दिए गए थे। काम होने के बाद उन्हें और भी पैसे देने का वादा किया गया था।

सलमान को मारना नहीं, डराना चाहते थे
मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि दोनों आरोपी सलमान को मारना नहीं, बल्कि उन्हें डराना चाहते थे जिस वजह से उनके घर के बाहर फायरिंग की गई थी। पुलिस सूत्रों ने ये भी बताया है कि सलमान खान के घर और उनके पनवेल वाले फार्म हाउस पर दोनों आरोपियों ने रेकी भी की थी। इस मामले में दोनों आरोपियों सहित कुल 7 लोगों से मुंबई पुलिस पूछताछ कर रही है।

पुलिस रिमांड पर हैं आरोपी
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बिहार के चंपारण के रहने वाले हैं। उन्होंने हरियाणा के एक संदिग्ध का भी नाम लिया है और कहा है कि इस काम की जानकारी वे उसे ही दे रहे थे। हरियाणा से हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ चल रही है। आरोपियों ने सलमान खान के घर के बाहर जिस पिस्तौल से फायरिंग की थी, उसे अभी रिकवर नहीं किया जा सका है। फिलहाल दोनों मुख्य आरोपियों को मुंबई के किला कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है।

अनमोल बिश्नोई का है हाथ
आपको बता दें, इस फायरिंग की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली है। उसने एक फेसबुक पोस्ट में फायरिंग की वारदात की जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि ये केवल एक ट्रेलर है, अगली बार गोली घर पर नहीं चलेगी। मामले में अनमोल के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। बता दें, इससे पहले कई बार लॉरेंस बिश्नोई और उसकी गैंग से सलमान खान को जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं।