Don 3 update: बॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर विवाद चल रहा है। फिल्म का अनाउंसमेंट 2023 में हुआ था जिसके बाद से ही ये प्रोजेक्ट ठप पड़ा हुआ है। बाद में खबरें आईं की लीड हीरो रणवीर सिंह ने फिल्म छोड़ दी जिसके बाद डायरेक्टर फरहान अख्तर के प्रोडक्शन हाउस को भारी नुकसान पहुंचा।
लेकिन अब ये विवाद सुलझने की दिशा में बढ़ता नजर आ रहा है। अभिनेता रणवीर सिंह, फिल्ममेकर फरहान अख्तर और निर्माता रितेश सिधवानी के बीच लंबे समय से चल रहे मतभेद को लेकर नई जानकारी सामने आई है।
रणवीर करेंगे करोड़ों की भरपाई
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह ने मामले को शांतिपूर्वक खत्म करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट को लगभग 10 करोड़ रुपये की साइनिंग अमाउंट वापस करने पर सहमति जताई है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी आगामी फिल्म, ‘प्रलय’ (फिलहाल का नाम) में भी प्रोडक्शन हाउस को हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि इस हिस्सेदारी का प्रतिशत अभी स्पष्ट नहीं है।
यह ध्यान देने वाली बात है कि इस पूरे मामले पर अभी तक रणवीर सिंह, फरहान अख्तर या प्रोडक्शन हाउस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
यह विवाद तब सामने आया जब रणवीर सिंह ने ‘डॉन 3’ से खुद को अलग कर लिया। प्रोडक्शन टीम का दावा था कि फिल्म की तैयारियों, शेड्यूलिंग और अन्य खर्चों में काफी निवेश हो चुका था, जो अभिनेता की सहमति से किया गया था। इसी आधार पर उनसे करीब 40 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की गई थी।
वहीं, रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने की वजह स्क्रिप्ट को लेकर सेटिस्फाई न होना और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट को लेकर चिंता बताई गई।
विवाद सुलझाने आए आमिर खान?
मामला बढ़ने पर प्रोड्यूसर्स गिलड ऑफ इंडिया के हस्तक्षेप की भी खबरें आईं। इसी दौरान यह भी कहा गया कि आमिर खान इस विवाद को सुलझाने में मध्यस्थता कर रहे हैं, लेकिन बाद में उन्होंने इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
फिलहाल ‘डॉन 3’ की स्थिति अभी क्लीयर नहीं है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि फरहान अख्तर खुद इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि इस पर भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।