फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड’ के ट्रेलर रिलीज होते ही विवाद शुरू हो गया है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने फिल्म पर झूठा प्रचार फैलाने का आरोप लगाया है, साथ ही केरल की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया।

The Kerala Story 2 Controversy: फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। ट्रेलर रिलीज होने के कुछ ही दिनों बाद यह फिल्म विवादों में घिर गई है। सोशल मीडिया पर जहां कुछ लोग इसका समर्थन कर रहे हैं, वहीं कई यूजर्स इसे ‘प्रोपेगेंडा मूवी’ बता रहे हैं। इसी बीच केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने फिल्म को लेकर कड़ा बयान दिया है।

‘झूठा प्रचार फैलाया जा रहा है’ – पिनराई विजयन

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मलयालम भाषा में एक बयान साझा किया। उन्होंने लिखा कि राज्य की धर्मनिरपेक्ष परंपरा को कमजोर करने और समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा- "हमें नफरत फैलाने वाले अभियानों को पूरी तरह से नकारना चाहिए और तथ्यों तथा धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे के मूल्यों को दृढ़ता से कायम रखना चाहिए। केरल हमारा गौरव है। झूठ पर सत्य की विजय होनी चाहिए। इसके लिए हमें एकजुट होना होगा।"

पहली फिल्म पर भी जताया था विरोध

मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि फिल्म का पहला भाग यानि 2023 की फिल्म 'द केरल स्टोरी' भी राज्य के खिलाफ नफरत फैलाने के उद्देश्य से बनाया गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि “समाज में विभाजन और घृणा फैलाने वाली ऐसी विषैली कृतियों को प्रदर्शन की अनुमति कैसे दी जाती है, जबकि ‘बीफ’ जैसी फिल्म को फिल्म फेस्टिवल में जगह नहीं दी गई?”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म में आपसी सहमति से हुए विवाहों को भी सांप्रदायिकता और जबरन धर्मांतरण के उदाहरण के रूप में दिखाया जा रहा है, जो पूरी तरह भ्रामक है।

‘केरल की छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश’
पिनराई विजयन ने कहा कि कुछ समूह केरल जैसे राज्य को, जहां लंबे समय से सांप्रदायिक सद्भाव बना हुआ है और जहां विकास तथा कानून-व्यवस्था की मिसाल पेश की जाती है, आतंकवाद के केंद्र के रूप में दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। 

इस दिन रिलीज होगी फिल्म

गौरतलब है कि ‘द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड’ 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी।