Indian Brand Jewellery at Oscars: हॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित मंच अकेडमी अवॉर्ड्स यानि ऑस्कर (Academy Awards) के रेड कार्पेट पर इस बार भारतीय कारीगरी की झलक भी देखने को मिली। मशहूर सिंगर ब्रैंडी कार्लाइल और अभिनेत्री कैथरीन शेफर्ड ने भारतीय ब्रांड 'स्वदेश' की खास ज्वेलरी पहनकर ऑस्कर में शिरकत की। उनकी इस स्टाइल ने न सिर्फ फैशन प्रेमियों का ध्यान खींचा, बल्कि भारतीय हस्तकला की खूबसूरती को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश किया।
ब्रांडी कार्लाइल का ‘पेटल प्रिज्म’ ब्रोच
ब्रांडी कार्लाइल ने रेड कार्पेट पर ‘पेटल प्रिज्म ब्रोच’ पहना, जिसकी डिजाइन सूरजमुखी के आकार से प्रेरित थी। सोने से बने इस ब्रोच के बीच में ओवल कट पन्ना जड़ा हुआ था, जबकि उसके चारों ओर बारीक हीरों की सजावट की गई थी।

इस ब्रोच की खासियत इसकी ओपन-सेटिंग तकनीक है, जिससे रोशनी हीरों के बीच से गुजरते हुए उनकी चमक को और बढ़ा देती है। इस शानदार ज्वेलरी पीस को बनाने में तेलंगाना के कारीगरों को 100 घंटे से ज्यादा का समय लगा। यहां के सुनारों की कारीगरी पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है।
कैथरीन शेफर्ड का शानदार डायमंड नेकलेस
वहीं कैथरीन शेफर्ड ने एक बेहद खूबसूरत डायमंड नेकलेस पहना, जिसकी डिजाइन इतनी लचीली थी कि वह कपड़े की तरह गर्दन पर खूबसूरती से गिरती नजर आई। इस नेकलेस की संरचना पंख के बारीक रेशों से प्रेरित थी, जिससे इसके हर हिस्से में हल्की और लहराती हुई मूवमेंट दिखाई देती है।

इस ज्वेलरी पीस में हाथ से जड़े हीरों की एक लगातार चलती पट्टी बनाई गई है, जिसे शेवरॉन पैटर्न में सजाया गया है। साथ ही इसमें विक्टोरियन युग की हल्की झलक भी देखने को मिलती है, जो इसे एक क्लासिक और रोमांटिक लुक देती है।
भारतीय कला को मिला वैश्विक मंच
स्वदेश की ये खास ज्वेलरी क्रिएशंस भारत की समृद्ध हस्तकला परंपरा को सम्मान देती हैं। इनकी डिजाइन और निर्माण में उन कारीगरों की मेहनत झलकती है, जो कीमती धातुओं और रत्नों को अद्भुत कला में बदलने की विरासत पीढ़ियों से संभाले हुए हैं।









