Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Teaser: वरुण धवन और उनके पिता डेविड धवन की जोड़ी एक बार फिर कॉमिक अंदाज में वापसी कर रही है। डेविड धवन के निर्देशन में बनी अपकमिंग फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' का फर्स्ट लुक आखिरकार रिलीज हो गया है। फिल्म में वरुण लीड रोल में हैं जिनके साथ नजर आ रही हैं दो हसीनाएं- मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े। सामने आया टीज़र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वरुण धवन के दिखाई फिल्म की पहली झलक
बताते चलें, पहले ये टीजर सोमवार (13 अप्रैल) को जारी किया जाना था, लेकिन दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन के चलते मेकर्स ने इसे एक दिन के लिए टाल दिया। अब फिल्म के लीड एक्टर वरुण धवन ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसका फर्स्ट लुक शेयर किया। उन्होंने पोस्ट के साथ लिखा- "यह डेविड धवन की एंटरटेनिंग फिल्म है, 22 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।"
AI किड्स ने जीता दिल
टीज़र की शुरुआत दो बेहद क्यूट बच्चों से होती है, जो अपने-अपने पापा के बारे में बात करते नजर आते हैं। बातचीत के दौरान उन्हें शक होता है कि शायद उनके पिता एक ही हैं। इसके बाद कहानी में एंट्री होती है जस (वरुण धवन), बानी (मृणाल ठाकुर) और प्रीति (पूजा हेगड़े) की।
टीज़र में खास बात यह है कि इन बच्चों को AI तकनीक की मदद से तैयार किया गया है, जो आजकल ट्रेंड में है। यही वजह है कि यह कॉन्सेप्ट दर्शकों को काफी आकर्षित कर रहा है और फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ा रहा है।
गौरतलब है कि डेविड और वरुण धवन की जोड़ी पहले भी 'मैं तेरा हीरो', 'जुड़वा 2' और 'कुली नंबर 1' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुकी है। फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' 22 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।