Ghooskhor Pandat row: बॉलीवुड निर्देशक नीरज पांडे (Neeraj Pandey) की आगामी फिल्म घूसखोर पंडत (Ghooskhor Pandat) को लेकर हाल ही में बड़ा विवाद खड़ा हुआ। फिल्म के टाइटल को विशेष समुदाय को अपमानित करने के आरोप में मामला सुप्रीम कोर्ट जा पहुंचा जिसपर अब नया मोड़ आया है।
विवाद के बाद घूसखोर पंडत के डायरेक्टर नीरज पांडे ने फिल्म का टाइटल पर बदलने की पुष्टि की है। इसके बाद गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में दायर याचिका को निपटा दिया।
नीरज पांडे ने टाइटल वापस लेने की पुष्टि की
सुप्रीम कोर्ट की बेंच, जिसमें न्यायमूर्ति बी.वी नागरत्न और उज्ज्वल भुईयां ने सुनवाई की जिसमें उन्होंने निर्देशक नीरज पांडे का हलफनामा स्वीकार कर लिया। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, नीरज ने हलफनामे में लिखा, “मैं आदरपूर्वक प्रस्तुत करता हूं कि पहले वाला शीर्षक ‘घूसखोर पंडत’ स्पष्ट रूप से वापस लिया गया है और इसे किसी भी रूप में उपयोग नहीं किया जाएगा। हालांकि नया शीर्षक अभी फाइनल नहीं हुआ है, मैं यह सुनिश्चित करता हूं कि भविष्य में चुना जाने वाला कोई भी शीर्षक पुराने शीर्षक जैसा या उससे प्रेरित नहीं होगा।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में चुना जाने वाला कोई भी शीर्षक फिल्म की कहानी को सही रूप से दर्शाएगा और उन मुद्दों से बचेंगे जिन्होंने विवाद उत्पन्न किया था। नेरज पांडे ने कहा, “भविष्य में किसी भी शीर्षक का चयन ऐसा होगा जो पुराने शीर्षक जैसा न हो और कहानी को सही ढंग से प्रतिबिंबित करे।”
'किसी भी समुदाय को बदनाम नहीं कर सकते'- सुप्रीम कोर्ट
इससे पहले 12 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने शीर्षक को लेकर सार्वजनिक चिंता को नोट किया था। बेंच ने स्पष्ट किया था कि रचनात्मक स्वतंत्रता का मतलब यह नहीं कि किसी समुदाय का अपमान या हानि हो। न्यायालय ने कहा कि कला और फिल्म उद्योग में सामाजिक जिम्मेदारी के साथ रचनात्मक स्वतंत्रता का संतुलन होना चाहिए। याचिका में फिल्म के नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ पर रोक लगाने की मांग की गई थी।
फिल्म की कहानी और कास्ट
घूसखोर पंडत एक फिक्शनल क्राइम ड्रामा है, जिसमें मनोज पाजपेयी एक नैतिक रूप से जटिल पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी एक भ्रष्टाचार और साजिश के जाल में उलझे इस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें सस्पेंस और एक्शन का मिश्रण है।
फिल्म में नुसरत भरूचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबरॉय और दिव्या दत्ता भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।