Volume 1 song: सिंगर-रैपर हनी सिंह और बादशाह के बीच चल रही अनबन के बीच, उनका विवादित गाना 'वॉल्यूम 1' एक बार फिर सुर्खियों में। इस गाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने सख्त कदम उठाया है। कोर्ट ने इस गाने को सभी प्लेटफॉर्म से तुरंत डिलीट करने का आदेश दिया है।
2006-07 सुर्खियों में रहे इस गाने पर कोर्ट ने कहा कि यह गाना बेहद अश्लील, स्पष्ट रूप से आपत्तिजनक और महिलाओं, कलात्मक मूल्यों और सामाजिक मानदंडों के प्रति अपमानजनक है।
कोर्ट की कड़ी टिप्पणी
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि यह उन दुर्लभ मामलों में से एक है, जहां कोर्ट की अंतरात्मा तक झकझोर दी गई है। जज ने माना कि गाने के लिरिक्स न सिर्फ अभद्र हैं, बल्कि महिलाओं को मजाक और यौन वस्तु के रूप में पेश करने की मानसिकता को बढ़ावा देते हैं।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की सामग्री को ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता’ के नाम पर सही नहीं ठहराया जा सकता, खासकर तब जब यह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर आसानी से उपलब्ध हो और नाबालिगों तक भी पहुंच रही हो।
‘सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं’
अपने आदेश में कोर्ट ने कहा कि कोई भी सभ्य समाज ऐसी सामग्री को खुले तौर पर उपलब्ध रहने या उससे कमाई करने की अनुमति नहीं दे सकता। इसी के चलते संबंधित प्लेटफॉर्म्स और अधिकार रखने वाले सभी पक्षों को तुरंत इस गाने के लिंक हटाने का निर्देश दिया गया है।
विवादों में रहा ये गाना
गौरतलब है कि Volume 1 गाना 2000 के दशक के शुरुआती वर्षों में रिलीज हुआ था, जब हनी सिंह और बादशाह एक ही ग्रुप ‘माफिया मुंडीर’ का हिस्सा थे। इस ग्रुप में रफ्तार, इक्का और लिल गोलू भी शामिल थे। बाद में आपसी मतभेदों के चलते यह ग्रुप टूट गया और दोनों कलाकारों के बीच विवाद भी सामने आया।