Shararat Song BTS: फिल्म 'धुरंधर' अपनी कहानी, एक्शन और स्टार कास्ट के साथ-साथ अपने म्यूजिक के लिए भी खूब सराही जा रही है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म का सुपरहिट गाना 'शरारत' लगभग फिल्म से हटने वाला था? हाल ही में निर्देशक आदित्य धर (Aditya Dhar) ने इस दिलचस्प किस्से का खुलासा किया।
गाने को लेकर थे कन्फ्यूज
आदित्य धर ने इस गाने के कोरियोग्राफर विजय गांगुली के लिए अपने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखकर इस गाने के बारे में दिलचस्प खुलासा किया है। बताया कि शुरुआत में वह फिल्म में एक लिप-सिंक डांस नंबर शामिल करने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे। उन्हें लग रहा था कि यह गाना फिल्म के टोन से मेल नहीं खाएगा। ऐसे में ‘शरारत’ को लेकर वह दुविधा में थे।
कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने बदला फैसला
आदित्य ने अपने पोस्ट में लिखा- मुझे आज भी "शरारत" को लेकर हुई हमारी बातचीत याद है। फिल्म में लिप-सिंक डांस ट्रैक करने को लेकर मैं पूरी तरह कन्विंस नहीं था। लेकिन विजय ने बस मुस्कुराते हुए कहा, "चलिए सर, करते हैं, मज़ा आएगा।" उनके उस कॉन्फिडेंस ने शाशवत (म्यूजिक डायरेक्टर) और मुझे वो आत्मविश्वास दिया जिसकी हमें ज़रूरत थी। और सच कहूं तो, फिल्म का वो हिस्सा मुझे सबसे ज़्यादा पसंद आया। वो ऐसे ही हैं, न सिर्फ शारीरिक रूप से बल्कि भावनात्मक रूप से भी मौजूद रहते हैं। मुश्किल से मुश्किल दिनों में भी उनकी मनमोहक मुस्कान और बच्चों जैसा उत्साह सब कुछ हल्का कर देता था।
उन्होंने आगे लिखा- "दीदी" से लेकर अक्षय खन्ना के साथ F9lA (फ्लिपरची) के पागलपन भरे गाने तक, उन्होंने दिल से, बारीकी से और पूरी लगन से काम किया। वो सिर्फ एक शानदार कोरियोग्राफर ही नहीं, बल्कि एक सच्चे टीम प्लेयर भी हैं।
आपके लिए आभारी हूं, विजय।"
‘शरारत’ बना चार्टबस्टर
फिल्म में शामिल होने के बाद ‘शरारत’ दर्शकों के बीच जबरदस्त हिट साबित हुआ। गाने का हुक स्टेप सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और लोग इसे बड़े पैमाने पर रीक्रिएट कर रहे हैं। इस गाने में रणवीर सिंह और सारा अली खान के किरदारों की शादी का सीक्वेंस दिखाया गया है, जिसमें आएशा खान और क्रिस्टल डीसूजा की परफॉर्मेंस भी नजर आती है।