BSEB 10th Answer Key 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने वर्ष 2026 की मैट्रिक वार्षिक परीक्षा में पूछे गए वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की आधिकारिक उत्तर कुंजी जारी कर दी है। बोर्ड की ओर से सैद्धांतिक विषयों में शामिल 50 प्रतिशत ऑब्जेक्टिव प्रश्नों के सही उत्तर छात्रों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। जिन छात्रों ने इस परीक्षा में भाग लिया था, वे अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.com पर जाकर उत्तर कुंजी चेक कर सकते हैं।
बिहार बोर्ड के अनुसार यह उत्तर कुंजी विषय विशेषज्ञों की टीम द्वारा तैयार की गई है। अगर किसी छात्र या अन्य व्यक्ति को उत्तर कुंजी में दिए गए किसी उत्तर को लेकर कोई संदेह या आपत्ति है, तो वे इसे ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए बोर्ड ने 13 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया है।
बोर्ड ने साफ किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद मिलने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए जिन अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी को लेकर कोई चुनौती दर्ज करनी है, उन्हें तय समय के भीतर ही आवेदन करना होगा। आपत्ति दर्ज करने के लिए उम्मीदवार objmatric.biharboardonline.com पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं।
समिति ने यह भी बताया है कि प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों द्वारा जांच की जाएगी। यदि समीक्षा के दौरान किसी उत्तर में बदलाव की आवश्यकता पाई जाती है, तो बोर्ड की ओर से संशोधित उत्तर कुंजी जारी की जा सकती है।
गौरतलब है कि बिहार बोर्ड हर साल देश में सबसे पहले बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी करने के लिए जाना जाता है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार भी मार्च के अंत तक मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजे घोषित किए जा सकते हैं।
आंकड़ों के मुताबिक इस साल इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 13,17,846 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जबकि मैट्रिक परीक्षा के लिए 15,12,963 विद्यार्थी रजिस्टर्ड हैं। अब उत्तर कुंजी जारी होने के बाद छात्रों को अपने फाइनल रिजल्ट का इंतजार है।