bank loan criteria: बैंक सिर्फ सैलरी देखकर लोन तय नहीं करते, बल्कि ईएमआई क्षमता, मौजूदा कर्ज और क्रेडिट स्कोर भी देखते हैं। साफ क्रेडिट रिकॉर्ड, कम मौजूदा ईएमआई और लंबी लोन अवधि से लोन पात्रता बढ़ सकती है। को-एप्लिकेंट जोड़ने से भी बैंक की नजर में आपकी भुगतान क्षमता मजबूत दिखती है।

bank loan criteria: कई लोगों को लगता है कि अगर सैलरी कम है तो बैंक से बड़ा लोन मिलना लगभग नामुमकिन है। लेकिन हकीकत इतनी सीधी नहीं होती। बैंक सिर्फ आपकी सैलरी देखकर फैसला नहीं करते, बल्कि आपकी पूरी वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हैं।

जब भी कोई व्यक्ति लोन के लिए आवेदन करता है, तो सबसे पहले बैंक यह देखता है कि वह हर महीने ईएमआई आराम से चुका पाएगा या नहीं। आम तौर पर बैंक चाहते हैं कि किसी व्यक्ति की कुल ईएमआई उसकी मासिक आय के लगभग 40 से 50 प्रतिशत के भीतर ही रहे। उदाहरण के लिए अगर किसी की सैलरी 60000 रुपये है, तो बैंक के लिए 25 से 30 हजार रुपये से ज्यादा की ईएमआई थोड़ा जोखिम भरी मानी जाती है।

लेकिन यह सिर्फ शुरुआत होती है। असल फैसला इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी बाकी वित्तीय स्थिति कैसी है।

मौजूदा लोन बदल सकते हैं पूरा हिसाब
एक ही सैलरी वाले दो लोगों को बैंक अलग-अलग लोन ऑफर दे सकता है। मान लीजिए दो लोग हर महीने 55000 रुपये कमाते हैं। पहले व्यक्ति पर कोई मौजूदा लोन नहीं है और वह हर महीने अपने क्रेडिट कार्ड का बिल पूरा चुका देता है।

दूसरे व्यक्ति की स्थिति अलग है। वह पहले से ही किसी पर्सनल लोन और कंज्यूमर लोन की ईएमआई के रूप में हर महीने 15000 से 20000 रुपये चुका रहा है। ऐसे में बैंक के नजरिए से पहला व्यक्ति ज्यादा सुरक्षित उधारकर्ता है क्योंकि उसके पास नई ईएमआई उठाने की ज्यादा गुंजाइश है। यही कारण है कि कई लोग बड़ा लोन लेने से पहले छोटे कर्ज चुकाने की कोशिश करते हैं।

क्रेडिट स्कोर का भी बड़ा रोल
लोन की मंजूरी में क्रेडिट हिस्ट्री भी बेहद अहम होती है। आम तौर पर 750 से ऊपर का सिबिल स्कोर बैंक को यह संकेत देता है कि उधार लेने वाला व्यक्ति समय पर भुगतान करने वाला है।

अगर किसी का क्रेडिट रिकॉर्ड साफ है और उसने पहले कभी ईएमआई या क्रेडिट कार्ड भुगतान में देरी नहीं की, तो बैंक उसके लिए ज्यादा लोन मंजूर करने या बेहतर ब्याज दर देने में ज्यादा सहज महसूस करते हैं। इसके उलट अगर भुगतान में चूक का रिकॉर्ड है तो अच्छी सैलरी होने के बावजूद लोन लिमिट कम हो सकती है।

लंबी अवधि से बढ़ सकता लोन
लोन की अवधि भी लोन राशि तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अगर लोन 20 या 25 साल के लिए लिया जाए तो EMI कम हो जाती है, जिससे बैंक ज्यादा लोन देने में सहज हो जाते हैं। होम लोन में यह तरीका अक्सर अपनाया जाता है। हालांकि लंबी अवधि का मतलब यह भी है कि कुल मिलाकर ज्यादा ब्याज देना पड़ेगा, लेकिन कई लोग कम EMI की वजह से इसे पसंद करते हैं।

को-एप्लिकेंट से भी बढ़ सकती है पात्रता
लोन की पात्रता बढ़ाने का एक आसान तरीका संयुक्त आवेदन भी है। अगर पति-पत्नी या परिवार का कोई सदस्य को-एप्लिकेंट बनता है तो बैंक दोनों की कुल आय को देखता है। इससे लोन की मंजूरी की संभावना और राशि दोनों बढ़ जाती हैं। हालांकि संयुक्त लोन में जिम्मेदारी भी साझा होती है। अगर EMI नहीं चुकाई जाती तो बैंक दोनों उधारकर्ताओं से वसूली कर सकता है।

आखिरकार बैंक का असली सवाल सिर्फ एक होता है-क्या उधार लेने वाला व्यक्ति लंबे समय तक ईएमआई आराम से चुका पाएगा। इसलिए सैलरी के अलावा क्रेडिट रिकॉर्ड, मौजूदा कर्ज, लोन की अवधि और कुल वित्तीय स्थिति मिलकर तय करती है कि आपको कितना लोन मिलेगा।

(प्रियंका कुमारी)