Closing Bell: सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार तेजी, निफ्टी 24,350 के पार पहुंचा। वैश्विक तनाव में कमी और FII खरीदारी से बाजार को सपोर्ट मिला। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और मजबूत वैश्विक संकेतों से बढ़ी तेजी।

Closing Bell: शेयर बाजार में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही मजबूती के साथ कारोबार करते नजर आए। दोपहर 3 बजे तक सेंसेक्स 492.88 अंक यानी 0.63 फीसदी बढ़कर 78481.56 पर पहुंच गया जबकि निफ्टी 154.80 अंक यानी 0.64 फीसदी चढ़कर 24351.55 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।

बाजार में इस तेजी की सबसे बड़ी वजह वैश्विक स्तर पर तनाव में कमी और विदेशी निवेशकों की ताजा खरीदारी रही। निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ, जिसका सीधा असर बाजार पर दिखा।

ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान पर रहे
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी के ज्यादातर सेक्टर हरे निशान में रहे। हालांकि आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में हल्की गिरावट देखने को मिली। आईटी इंडेक्स करीब 0.22 फीसदी टूटा, जिसकी मुख्य वजह विप्रो के शेयरों में गिरावट रही। कंपनी के कमजोर तिमाही नतीजों और पहले क्वार्टर के लिए कमजोर मांग के संकेत के चलते उसका शेयर करीब 2.5 फीसदी गिर गया।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में अच्छी खरीदारी
वहीं, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप100 और स्मॉलकैप100 इंडेक्स करीब 0.85 फीसदी तक चढ़े, जो बाजार में व्यापक मजबूती का संकेत है।

क्यों बाजार में आई तेजी?
बाजार में तेजी के पीछे कई अहम कारण रहे। सबसे पहले, मध्य पूर्व में तनाव कम होने से निवेशकों को राहत मिली। इजरायल और लेबनान के बीच अस्थायी सीजफायर की खबरों ने माहौल को सकारात्मक बनाया। साथ ही अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की उम्मीदें भी बढ़ी हैं।

कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट
दूसरा बड़ा कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट है। क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे बना हुआ है, जिससे भारत जैसे आयात पर निर्भर देश को राहत मिलती है। इससे महंगाई पर भी दबाव कम होता है।

एफआईआई ने भी शुरू की खरीदारी
वैश्विक बाजारों से भी अच्छे संकेत मिले हैं। अमेरिका के शेयर बाजार गुरुवार को मजबूती के साथ बंद हुए, जहां S&P 500 और नैस्डैक नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे। इससे भारतीय बाजार को भी सपोर्ट मिला। इसके अलावा, विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी ने भी बाजार को मजबूती दी। गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 382.36 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जिससे बाजार का सेंटिमेंट बेहतर हुआ।

रुपया भी मजबूत हुआ है। शुरुआती कारोबार में यह डॉलर के मुकाबले 28 पैसे चढ़कर 92.86 पर पहुंच गया। इससे भी निवेशकों का भरोसा बढ़ा। हालांकि, गुरुवार को बाजार में हल्की गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 122.56 अंक और निफ्टी 34.55 अंक गिरकर बंद हुए थे। लेकिन शुक्रवार को बाजार ने मजबूत वापसी की। कुल मिलाकर, वैश्विक राहत, कच्चे तेल में गिरावट और विदेशी निवेश के चलते बाजार में तेजी का माहौल बना हुआ है।

(प्रियंका कुमारी)